गैस सिलेंडर के कीमतों में बढ़ोतरी पर अखिलेश का तंज- किस पर एहसान कर रहे हैं…

देशभर में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. इसपर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है.उन्होंने कहा कि सिलेंडर महंगा करना था तो सीधे 1000 रुपये महंगा कर देते. 1000 में 7 रुपये कम करके ये भाजपा वाले किस पर एहसान कर रहे हैं.

अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस Image Credit:

देशभर में एलपीजी कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी हुई है. एक मई 2026 से 19 किलो वाले गैस सिलेंडर 3071.50 रुपये में मिलेंगे. इसमें 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. वहीं 5 किलो वाले गैस सिलेंडर 810 रुपये में मिलेंगे. इसमें 261 रुपये का इजाफा हुआ है. अब इसपर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है.

अखिलेश ने अपने X अकाउंट पर ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘सिलेंडर महंगा नहीं होता, रोटी-थाली महंगी होती है. ये बात वही जानता है जो खुद खरीदकर खाता है, वो नहीं जो दूसरों के यहां जाकर खाता है या दूसरों की थाली से चुराता है. सिलेंडर महंगा करना था तो सीधे 1000 रुपये महंगा कर देते. 1000 में 7 रुपये कम करके ये भाजपा वाले किस पर एहसान कर रहे हैं? भाजपा ‘महंगाई, बेरोज़गारी, बेकारी व मंदी’ पर निंदा प्रस्ताव कब लाएगी?’

क्यो लिया गया कॉमर्शियल गैस सिलेंडर में वृद्धि का फैसला?

ईरान-अमेरिका युद्ध और होर्मुज का रास्ता बलॉक होने के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा की कीमतों में इजाफा हुआ है. ऐसे में गैस का आयात पर भारत समेत कई देशों पर असर पड़ रहा है. ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार ने यह फैसला इसी वजह से लिया है. बता दें कि 1 अप्रैल को 19 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमत 2078.50 रुपये थी. वहीं, 5 किलो वाला सिलेंडर 549 रुपये में मिल रहा था.

ईरान-अमेरिका युद्ध के बाद तीसरी बार वृद्धि

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के बयान के मुताबिक देश में मौजूद 33 करोड़ घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. बता दें कि ईरान-अमेरिका युद्ध के शुरुआत से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में यह तीसरी वृद्धि है. मार्च में इसके कीमत में लगभग 115 रुपये की वृद्धि की गई थी. फिर 1 अप्रैल को कीमतों को लगभग 200 रुपये और बढ़ाया गया.

Follow Us