बरेली से लखनऊ लाए गए अलंकार अग्निहोत्री, घर के बाहर सख्त पहरा; पुलिस पर उठाए सवाल
निलंबित PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री को बरेली में उनके सरकारी आवास से हिरासत में लेकर लखनऊ लाया गया है. वह लखनऊ में अपने निजी आवास पर है.उनके घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. अग्निहोत्री ने पुलिस द्वारा अपने स्थानांतरण को पूर्व नियोजित बताया.
बरेली में 26 जनवरी को PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद बीते दिन उन्हें उनके आवास में हाउस अरेस्ट किया गया. इस बीच बुधवार दोपहर प्रशासन ने उन्हें निजी वाहन से बरेली से बाहर ले गई, इसको लेकर उनके समर्थकों ने जमकर बवाल भी मचाया था, उनका डर था कि अग्निहोत्री के साथ कोई अनहोनी न हो.
कई लोग अंदेशा जता रहे थे कि अलंकार अग्निहोत्री को दिल्ली या सहारनपुर ले जाया जा सकता है. लेकिन पुलिस ने देर रात पूर्व PCS अधिकारी को लखनऊ लेकर पहुंची. वह आलमबाग स्थित अपने रिश्तेदार के घर पर हैं. उनके घर के बाहर सख्त पुलिस का पहरा है. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बरेली प्रशासन ने पूर्व नियोजित रणनीति के तहत लखनऊ भेजा है.
‘बरेली में ऐसी कोई घटना नहीं हुई जिससे मुझे हटाया’
अलंकार अग्निहोत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, ‘आज बरेली में क्या हुआ. प्रशासन ने पूर्व नियोजित रणनीति के तहत मुझे लखनऊ भेजा और औपचारिक तरीके से स्थानांतरण कर दिया. हालांकि, बरेली में ऐसी कोई घटना नहीं हुई जिससे मुझे हटाया या स्थानांतरित किया जाए.’ अग्निहोत्री ने शंकराचार्य के अपमान और नए UGC बिल के विरोध में इस्तीफा दिया था.
पुलिस-प्रशासन की टीम ने बुधवार दोपहर करीब 2:18 बजे अलंकार अग्निहोत्री को निजी कार से बरेली से बाहर ले गई. जैसे ही यह खबर फैली, बड़ी संख्या में समर्थक सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध शुरू हो गया. समर्थकों ने गाड़ी को रोकने की पूरी कोशिश की, नारेबाजी की और सड़क पर जाम लगा दिया. लेकिन प्रशासन उन्हें ले जाने में सफल रहा.
सरकारी आवास में हाउस अरेस्ट की दी थी जानकारी
इससे पहले मंगलवार को अलंकार अग्निहोत्री को पुलिस ने उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर रखा था. बुधवार सुबह अलंकार अग्निहोत्री खुद अपने सरकारी आवास से बाहर आए थे और आरोप लगाया था कि उन्हें कल शाम से ही हाउस अरेस्ट किया गया है. प्रशासन ने उन्हें आवास के अंदर ही रहने के निर्देश दिए हैं और बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही.