UP में आज कड़ी धूप, लेकिन जल्द बदलेगा मौसम; IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज कड़ी धूप के साथ तेज गर्मी है. आज तापमान 38°C पार हो सकता है. लेकिन IMD के अनुसार, जल्द ही यूपी में मौसम बदलेगा. अभी पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है, लेकिन जल्द ही प्रदेश के उत्तरी जिलों में बारिश हो सकती है. वहीं प्रदेश के शेष हिस्सों में तेज़ हवाएं चलेंगी. इससे बढ़ते तापमान पर ब्रेक लगेगा. IMD ने प्री-मॉनसून बारिश का भी अलर्ट जारी किया है.
उत्तर प्रदेश में आज मौसम साफ है. प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर खतम हो चुका है. ऐसे में आज कहीं बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश में तेज धूप होगी. दोपहर बाद तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन इसके बाद फिर मौसम में बदलाव होगा.
उत्तर प्रदेश के मौसम में आने वाले दिनों में दो तरह के बदलाव देखने को मिलेंगे. इसके बाद प्रदेश के उत्तरी हिस्से जैसे सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नजीबाबाद, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और बहराइच आदि जिलों में बारिश हो सकती है. वहीं प्रदेश के बाकी हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं. इसकी वजह से बढ़ते तापमान पर ब्रेक लग सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में इस हफ्ते लू चलने के आसार बिल्कुल नहीं हैं.
8°C तक बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक एक हफ्ते तक मौसम थोड़ा गर्म रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान में 6-8°C की वृद्धि हो सकती है. न्यूनतम तापमान में भी 4 से 6°C की बढोत्तरी होने की संभावना है. वहीं दो दिन बाद प्रदेश के उत्तरी हिस्से में होने वाली बारिश के दौरान दक्षिणी हिस्से में ठंडी बयार चलने की संभावना है. ऐसे में माना जा रहा है कि मौसम गर्म होने के बावजूद इन हवाओं की वजह से काफी राहत मिलेगी.
फिर होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक आधा गर्मी का सीजन निकल चुका है, लेकिन अभी तक गर्मी अपने चरम पर नहीं पहुंची. वहीं अब मौसम विभाग ने प्री मानसून बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले हफ्ते से उत्तर प्रदेश में प्री मानसून शुरू हो सकता है. इसकी वजह से लोगों को बढ़ते तापमान और गर्मी से काफी राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने इस साल मानसून समय से आने की संभावना जताई है.