क्या आपका भी वोटर लिस्ट से कट गया नाम? चुनाव आयोग ने दिया एक और मौका, घर बैठे होगा काम
चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने का एक और मौका दिया है. अब आप घर बैठे ही इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. 1 जनवरी 2026 तक 18 साल पूरे करने वाले नए वोटरों और छूटे हुए नागरिकों पर विशेष जोर है. यह प्रक्रिया ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से पूरी की जा सकती है.
उत्तर प्रदेश में SIR का काम पूरा हो चुका है. संशोाधित मतदाता सूची प्रकाशित हो चुकी है. इसके बाद भी यदि किसी वोटर का नाम कट गया है या किसी कारणवस जुड़ नहीं पाया तो उसके लिए चुनाव आयोग ने फिर मौका दिया है. आयोग की ओर से कहा गया है कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए किसी सरकारी दफ्तर के चक्कर काटने की जरूरत नहीं. कोई भी व्यक्ति अपने घर में बैठे-बैठे ही ऑनलाइन आवेदन कर अपना नाम जुड़वा सकता है.
यह काम मोबाइल फोन पर भी आसानी से हो सकता है. इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026 के तहत विशेष अभियान शुरू किया गया है. निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस अभियान का उद्देश्य हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना है. कोशिश की जा रही है कि कोई भी पात्र नागरिक का नाम किसी भी परिस्थिति में मतदाता सूची से बाहर न हो. इसके लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है.
नए वोटर जोड़ने पर जोर
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रशान्त कुमार के मुताबिक आयोग का पूरा जोर नए वोटर बनाने पर है. जिस किसी व्यक्ति की उम्र 1 एक जनवरी 2026 तक 18 साल पूरी हो रही है और भारतीय नागरिक हो, उसका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सकता है. इस अभियान में मतदाता सूची के ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो में भी सुधार की कोशिश हो रही है. इसमें पात्र युवाओं, छूटे मतदाताओं, बेघर नागरिकों, दिव्यांगजनों और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे.
सूची में ऐसे जुड़ेगा नाम
निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए मैन्युअल तो प्रक्रिया चल ही रही है, ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है. इसमें कोई भी व्यक्ति निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर सभी औपचारिकताओं को ऑनलाइन पूरा कर सकता है. जरूरी दस्तावेज भी ऑनलाइन ही जमा हो जाएंगे. बीएलओ द्वारा इन दस्तावेजों की जांच के बाद नाम लिस्ट में जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. वहीं यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन नहीं कर पाता तो वह सीधे बीएलओ से मिलकर भी मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकता है.