हाथ-पैर बांधे, फिर जमकर हुई पिटाई; मासूम को पेड़ से दो आम तोड़ने पर मिली ये सजा

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में एक मासूम बच्चे को दो आम तोड़ने के लिए बड़ी कीमत चुकाई है. एक दंपत्ति ने इस बच्चे के हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा, जिसका दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है. यह घटना मानवीय क्रूरता को उजागर करती है.

आम तोड़ने के लिए बच्चे को मिली सजा

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में एक दंपत्ति ने एक बच्चे की बल भर पिटाई की है. इस बच्ची की गलती इतनी भर थी कि वह आरोपी दंपत्ति के पेड़ से दो आम तोड़ लिए थे. मामला महाराज गंज के चौक थाना क्षेत्र का है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है. पुलिस ने आरोपी दंपत्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हरिासत में लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक नगर पंचायत चौक के पं. दीनदयाल नगर में रहने वाले एक मासूम बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि इस बच्चे ने पेड़ से दो आम तोड़ लिए थे. इतनी सी बात पर पेड़ मालिक दंपत्ति ने बच्चे को पकड़ लिया और उसके हाथ पांव बांधकर उसकी बुरी तरह पिटाई की है. संयोग से घटना स्थल पर मौजूद किसी अन्य व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया में डाल दिया. देखते ही देखते यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया.

दिल दहलाने वाला है वीडियो

वायरल हो रहे वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि पीड़ित बच्चा जमीन पर पड़ा है. उसके हाथ पांव बंधे हैं और आरोपी दंपत्ति उसकी पिटाई कर रहे हैं. इस दौरान पीड़ित बच्चा हर चोट पर खूब चीखता चिल्लाता है, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजता. इस वायरल वीडियो को देखकर लोग स्तब्ध रह गए. कई लोगों ने यह वीडियो महाराजगंज पुलिस को टैग कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. इसके बाद पुलिस ने वीडियो पर संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू की है.

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने पर एक्शन में आई पुलिस ने आरोपी दंपत्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर चालान किया है. वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस पर हल्की धाराओं में कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति का आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस ने बताया कि पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. जो भी तथ्य सामने आएगा, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.

Follow Us