रोड शो से ‘सुबह-ए-बनारस’, सर्वार्थ सिद्धि योग में विश्वनाथ पूजन; बाबा के सामने PM मोदी ने लिया ये संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी दौरे पर भव्य रोड शो किया, जहां हजारों लोगों ने उनका स्वागत किया. उन्होंने हस्त नक्षत्र और सर्वार्थ सिद्धि योग के शुभ मुहूर्त में बाबा विश्वनाथ का विधिवत पूजन किया. इस दौरान पीएम मोदी ने अपनी संकल्प सिद्धि के लिए विशेष पूजा कर रुद्र सूक्त का पाठ किया. माना जाता है कि इस योग में की गई कामनाएं पूर्ण होती हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने दो दिवसीय दौरे में संसदीय क्षेत्र बनारस में हैं. बुधवार की सुबह उन्होंने एक साल बाद बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन किया. हस्त नक्षत्र और सर्वार्थ सिद्धि योग में बाबा के दरबार में पहुंचे पीएम मोदी ने अपनी संकल्प सिद्धि के लिए करीब आधे घंटे तक षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन किया. माना जाता है कि इस मुहुर्त में बाबा का पूजन सभी मनोकामनाओं की पूर्ति करने वाला होता है.
काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व न्यास अध्यक्ष पद्मश्री आचार्य हरिहर कृपालु के मुताबिक हस्त नक्षत्र नए कार्य के शुभारंभ के लिए शुभ होता है. ऐसे वक्त पर किए गए काम में सफलता मिलती है. हस्त नक्षत्र का स्वामी चंद्रमा और राशि कन्या (स्वामी बुध) है.इसकी वजह से सर्वार्थ सिद्धि का विशेष योग बन रहा है. शास्त्रों के मुताबिक “संकल्पात् जयते सिद्धि” अर्थात इस नक्षत्र और योग में जो भी कामना लेकर संकल्प लेंगे वो पूरा होगा.

पीएम ने किया रूद्र सूक्त का पाठ
काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे पीएम मोदी से मंदिर के आचार्य और अर्चकों ने विधिवत पूजन कराया. फिर रुद्रार्चन हुआ. इसके बाद प्रधानमंत्री ने यहां रूद्र सूक्त का पाठ किया. इससे पहले प्रधानमंत्री ने भगवान विश्वनाथ की नगरी में रोड शो किया. सुबह 8:15 बजे बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से पीएम मंडुवाडीह, लहरतारा होकर पुलिस लाइन चौराहा पहुंचे और फिर यहां से लहुराबीर से मैदागिन चौराहा होते हुए विश्वनाथ मंदिर पहुंचे. करीब एक घंटे के इस सफर में प्रधानमंत्री ने जगह जगह स्वागत में उमड़े बनारसियों का अभिवादन किया.

50 हजार लोगों ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए 50 हजार से अधिक लोग आज बनारस की सड़कों पर थे. पीएम का काफिला जब बनारस रेलवे स्टेशन के सामने पहुंचा तो यहां स्वागत के लिए कैंट विधायक सौरव श्रीवास्तव की अगवाई में लोग खड़े थे. फिर यहां से आगे बढ़कर पीएम पुलिस लाइन चौराहा पहुंचे तो बनारस उत्तरी के विधायक रविंद्र जायसवाल ने उनका स्वागत किया. वहीं लहुराबीर चौराहे पर पार्टी संगठन के लोगों ने पीएम का स्वागत किया. इसी प्रकार मैदागिन चौराहा पर शहर दक्षिणी के विधायक नीलकंठ तिवारी अपने समर्थकों के साथ मौजूद थे. आखिर में दयाशंकर मिश्र दयालु ने काशी विश्वनाथ मंदिर के पास प्रधानमंत्री का स्वागत किया.
