कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से दूरी बनाएं… मुस्लिम युवाओं से मौलाना रिजवी की अपील
मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी बरेलवी ने मुस्लिम युवाओं से दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन से दूर रहने की अपील की है. उनका कहना है कि किसी भी बवाल की स्थिति में मुस्लिम नौजवानों को बलि का बकरा बनाया जा सकता है. रिजवी ने पूर्व के आंदोलनों का हवाला देते हुए यह बड़ी अपील की है.
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रिजवी बरेलवी ने मुस्लिम युवाओं से दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन से दूर रहने की अपील की है. कॉकरोच जनता पार्टी का धरना-प्रदर्शन जंतर-मंतर में शुरू होने जा रहा है. रिजवी को अंदेशा है कि किसी भी बवाल की स्थिति में मुस्लिम नौजवानों को बलि का बकरा बनाया जा सकता है.
मौलाना रिजवी बरेलवी ने पूर्व के आंदोलनों का हवाला देते हुए युवाओं के हितों की रक्षा के लिए यह सावधानी बरतने को कहा. उन्होंने कहा, ‘एक फारसी फलसफे में बड़ी अच्छी और प्यारी बात कही गई है कि नज़ला उसी के कमजोर हिस्से पर गिरता है. मुसलमान भारत में एक कमजोर अल्पसंख्यक हैं, इसलिए अगर कोई बवाल होता है तो बली का बकरा बन जाएंगे.’
‘प्रदर्शन के दौरान अपने इलाके से भी न निकलें’
मौलाना ने कहा, ‘मैं तमाम भारत के मुस्लिम नौजवानों और खास तौर पर दिल्ली के मुस्लिम युवाओं से अपील करता हूं कि कॉकरोच जनता पार्टी के धरना-प्रदर्शन में शिरकत न करें. कार्यक्रम के दौरान अपने इलाके से भी न निकलें. हमें अंदेशा है कि खुदा न खास्ता कोई बवाल या विवाद हुआ तो उसका ठीकरा मुस्लिम नौजवानों के सिर फोड़ दिया जाएगा.’
पूर्व के प्रदर्शन का हवाला देते मौलाना की अपील
उन्होंने कहा, ‘मैंने भारत में गत वर्षों में बहुत सारे धरना-प्रदर्शनों का हश्र देखा है, चाहे वह एनआरसी का हो, वक्फ संशोधन बिल के विरोध का हो या फिर किसानों का आंदोलन हो. इन सबका हश्र क्या हुआ, यह सबने देखा और पूरे भारत ने जाना है. इन्हीं तमाम तजुर्बों की बुनियाद पर मैं मुस्लिम नौजवानों से, उनके हितों का ध्यान रखते हुए यह अपील करता हूं.’
कॉकरोच जनता पार्टी, एक व्यंग्यात्मक आंदोलन
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) एक नया और व्यंग्यात्मक राजनीतिक आंदोलन है. राजनीतिक रणनीतिकार अभिजीत दिपके ने इसकी शुरूआत की है. यह पार्टी, चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के कथित तौर पर एक टिप्पणी में ‘तिलचट्टों’ (कॉकरोच) कहने से बनी है. कॉकरोच जनता पार्टी ने 6 जून को दिल्ली कूच और एक बड़े आंदोलन की घोषणा की है.
