हत्या या सुसाइड… खुले दरवाजे, पंखे से लटकती लाशें; क्या दरोगा दंपत्ति ने खुद लगाई फांसी?

मेरठ में एक रिटायर्ड दरोगा दंपत्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उनके शव घर में पंखे से लटके मिले हैं. जबकि घर के दरवाजे खुले हुए थे. मेड की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या माना जा रहा है, लेकिन 'हत्या या सुसाइड' का रहस्य गहरा गया है.

मेरठ में दरोगा दंपत्ति ने की सुसाइड

उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार की सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना हुई. यहां एक रिटायर्ड दरोगा दंपत्ति ने संदिग्ध परिस्थिति में सुसाइड कर लिया. रिटायर्ड दरोगा और उनकी पत्नी का शव पंखे से लटका हुआ मिला. मामले का खुलासा घर में काम करने वाली मेड के आने पर हुआ. मेड की ही सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

दिल दहला देने वाली यह वारदात मेरठ में गंगानगर थाना क्षेत्र के रक्षापुरम का है. पुलिस के मुताबिक साल 2020 में उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा के पद से रिटायर्ड लल्लू सिंह अपनी पत्नी के साथ रहते थे. उनके घर में झाडू-पोछा एवं अन्य कामों के लिए एक मेड आती थी. बुधवार की सुबह भी यह मेड जब काम पर आई तो उसे दरोगा लल्लू सिंह के घर के सभी दरवाजे खिड़कियां खुली मिली. यह देखकर वह हैरान रह गई.

घर में घुसते निकल गई चीख

इसके बाद मेड घर में दाखिल हुई तो सन्नाटा पसरा हुआ था. वह धीरे धीरे बढ़ते हुए कमरे की ओर गई और झांक कर देखा तो उसकी चीख निकल गई. कमरे में लल्लू सिंह और उनकी पत्नी का शव पंखे से लटका हुआ था. उसने तुरंत शोर मचा कर पास पड़ोस के लोगों को बुलाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

अलग रहता है बेटा

पुलिस के मुताबिक दरोगा लल्लू सिंह का एक बेटा और एक बेटी है. बेटा संदीप कुछ दिन पहले ही एयरफोर्स की नौकरी से रिटायर हुआ है और अब वह अपने पत्नी बच्चों के पास गंगाधाम कॉलोनी में रहता है. जबकि बेटी अपने ससुराल में है. पुलिस की सूचना पर बेटा-बेटी भी मौके पर पहुंचे. प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने घटना को सुसाइड माना है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि दरोगा दंपत्ति ने सुसाइड क्यों किया.

गहराया रहस्य

थाना प्रभारी अनूप सिंह के मुताबिक मामले की बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है. इस संबंध में लल्लू सिंह के बेटे और बेटी के अलावा पास पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. बेटे ने बताया कि वह भले ही पिता से अलग रहता था, लेकिन समय समया पर मिलने के लिए वह पिता के पास आता रहता था. पुलिस को आशंका है कि लल्लू सिंह के सुसाइड की वजह अकेलापन हो सकता है.