इंटरनेट पर डाला फोटो-मोबाइल नंबर, लगाई ऑनलाइन बोली; इतनी सी बात पर दूल्हे ने की घिनौनी हरकत

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. दहेज की मांग पूरी न होने पर एक पति ने अपनी पत्नी की अश्लील फोटो और मोबाइल नंबर इंटरनेट पर डाल दिया, साथ ही उसकी ऑनलाइन बोली भी लगाई. इससे महिला को लगातार अश्लील कॉल आने लगे. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके.

मेरठ में पति ने लगाई पत्नी की ऑनलाइन बोली

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की फोटो और मोबाइल नंबर इंटरनेट पर डाल दिया. फिर अपनी पत्नी की ऑनलाइन बोली भी लगा दी. वहीं जब महिला को फोन आने लगे और उसे पूरे मामले की जानकारी हुई तो उसके पैरों तले जमीन सरक गई. इस महिला ने पति के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है. पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मामला मेरठ के लालकुर्ती थाना क्षेत्र का है. पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि तीन साल पहले उसकी शादी यहां रहने वाले एक रेलकर्मी के साथ हुई थी. शादी के समय उसके पिता ने अपनी क्षमता से बढ़कर दान दहेज दिया था, लेकिन आरोपी पति और उसके घर वालों की डिमांड खत्म नहीं हुई. बल्कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल में आए दिन उसे प्रताड़ित किया गया. यहां तक कि कई बार उसके साथ मारपीट भी हुई.

कमरे में बंद कर चिमटे से दागा

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक साल पहले आरोपी पति ने उसके एक कमरे में कैद कर दिया था. इस दौरान उसे गर्म चिमटे से दागा और बुरी तरह से मारपीट की. बड़ी मुश्किल से वह छूटी और मायके चली गई. बाद में रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद वह ससुराल वापस लौटी तो आरोपियों ने एक बार फिर से उत्पीड़न शुरू कर दिया. जब स्थिति बर्दाश्त के बाहर हो गई तो वह फिर से अपने मायके आ गई.

पत्नी की लगाई ऑनलाइन बोली

पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि इस बार मायके आने के बाद तो उसके पति की हैवानियत और बढ़ गई. आरोपी पति ने उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड करते हुए गंदी टिप्पणी करते हुए उसका रेट लगाते हुए उसका फोन नंबर सार्वजनिक कर दिया. इसके बाद से उसे लगातार लोग फोन कर अश्लील बातें करने लगे. मजबूरी में उसे अपना फोन बंद करना पड़ा. पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी मेरठ ने मामले की जांच कराने के आदेश दिए हैं.