मेरठ में जगन्नाथ रथ यात्रा में 7 लोग झुलसे, हाईटेंशन लाइन से टकराया ध्वजा; एक श्रद्धालु की मौत

मेरठ में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान दुखद हादसा हुआ. परीक्षितगढ़ में रथ हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैल गया. इस दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई और नौ अन्य गंभीर रूप से झुलस गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मेरठ जगन्नाथ रथ यात्रा हादसा: हाईटेंशन लाइन से एक की मौत, Image Credit:

मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. यात्रा के दौरान रथ हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. हादसे में एक श्रद्धालु की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग करंट लगने से झुलस गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, सभी खतरे से बाहर हैं.

मिली जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण बिजली की लाइन में दिक्कत थी. रथ पर लगा ध्वज हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे पूरे रथ में करंट फैल गया. उस समय रथ के आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. करंट फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय लोगों घायलों को अस्पताल भिजवाया.

घटना के बाद रथ यात्रा को तत्काल रोक गया

जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालु की पहचान सचिन के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रथ यात्रा अपने तय मार्ग से गुजर रही थी, तभी यह हादसा हुआ. मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा.

वहीं, हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है. घटना के बाद रथ यात्रा को तत्काल रोक दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अविनाश पांडे, एसपी देहात अभिजीत कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया.

सुरक्षा मानकों में चूक तो नहीं? जांच में पुलिस

बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पिछले पांच वर्षों से निकाली जा रही है. इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए थे. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह रथ का हाईटेंशन लाइन की चपेट में आना सामने आया है. अब यह भी जांच की जा रही है कि सुरक्षा मानकों में चूक तो नहीं? मामले की जांच जारी है.

Follow Us