सावित्री हत्याकांड में बेटे को मिली उम्रकैद, खबर सुनते ही मां को आ गया हार्ट अटैक; मौत
मेरठ के बहुचर्चित सावित्री देवी हत्याकांड में बेटे विपिन समेत पांच आरोपियों को उम्रकैद की सजा मिली है. यह खबर सुनते ही कैंसर पीड़ित विपिन की 70 वर्षीय मां बाला देवी को गहरा सदमा लगा. सदमे के कारण उन्हें हार्ट अटैक आ गया और उनकी मृत्यु हो गई. इस फैसले ने एक ही परिवार में दोहरी त्रासदी ला दी, जहां पहले गवाह सावित्री देवी की हत्या हुई और अब एक मां ने बेटे की सजा सुनकर जान गंवा दी.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में बहुचर्चित सावित्री देवी हत्याकांड में दोष साबित होने पर कोर्ट ने विपिन समेत सभी पांच आरोपियों को उम्र कैद की सजा सुनाई है. कोर्ट के फैसले की खबर विपिन की मां को मिली तो वह सदमे में आ गई और इसी सदमे की वजह से उसकी मौत हो गई है. विपिन की मां कैंसर पीड़ित थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं. शुक्रवार को आए इस फैसले के बाद विपिन की मां की हालत खराब हो गई और अगली ही सुबह उनकी मौत हो गई.
बता दें कि मेरठ में सरूरपुर के हसनपुर रजापुर गांव निवासी चेतन की हत्या 13 जुलाई 2016 को हो गई थी. यह वारदात कुख्यात बदमाश सुमित जाट और उसके चार अन्य साथियों ने अंजाम दिया था. इस वारदात में जिला पंचायत सदस्य की मां सावित्री देवी चश्मदीद गवाह और वादी थी. इन्हें रास्ते से हटाने के लिए बदमाशों ने तीन फरवरी 2018 को उन्हें भी गोलियों से भून डाला था. फिर 12 फरवरी 2018 को बदमाशों ने सावित्री देवी के दामाद बबलू निवासी गांव झिटकरी सरधना को भी गोली मार दी थी.
13 आरोपियों पर दर्ज हुआ था केस
सावित्री देवी हत्याकांड में पुलिस ने बदमाश सुजीत जाट समेत 13 लोगों को आरोपी बनाते हुए मुकदमा दर्ज किया और 24 मार्च 2018 को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी थी. इस मामले में पुलिस ने अदालत में कुल 21 गवाह पेश किए. मामले की सुनवाई अपर जिला जज स्पेशल कोर्ट एससी-एसटी में हुई. जहां कोर्ट ने शुक्रवार को मामले की अंतिम सुनवाई करते हुए अतुल, ब्रह्मा, जगबीर, विपिन एवं कुलदीप को हत्या को दोषी करार दिया और शनिवार को उम्र कैद की सजा सुनाई थी.
खबर से लगा मां को सदमा, मौत
मामले की सुनवाई के बाद इस वारदात में दोषी विपिन की 70 वर्षी मां बाला देवी को फैसले की जानकारी हुई. उन्होंने जैसे ही सुना कि विपिन को उम्रकैद हुई है, वह सदमे में आ गई. देखते ही देखते उनकी हालत खराब होने लगी. उन्हें आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक इन्हीं आरोपियों ने सावित्री देवी के दामाद की भी हत्या की थी. हालांकि इस मामले में सुनवाई अभी जारी है.