पबजी खेलते समय 300 के पार पहुंचा BP, टेंशन में फट गई दिमाग की नस; 2 दिन बाद हो गई मौत
मेरठ में ऑनलाइन गेम पबजी की लत ने एक 22 वर्षीय युवक कैफ की जान ले ली. गेम खेलते हुए अत्यधिक तनाव से उसका रक्तचाप 300 के पार पहुंच गया, जिससे दिमाग की नस फट गई. दो दिन अस्पताल में इलाज के बाद उसकी मृत्यु हो गई है. यह घटना ऑनलाइन गेम्स के घातक प्रभावों और लत से जुड़ी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति चेतावनी देती है.
ऑनलाइन गेम्स के चक्कर में लोगों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा. पिछले हफ्ते ही उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कोरियन गेम्स की लत में पड़कर तीन बहनों ने सामूहिक सुसाइड किया था. वहीं अब मेरठ में पबजी खेलते समय एक युवक का बीपी 300 के पार चला गया. टेंशन इतनी बढ़ गई कि उसके दिमाग की नस फट गई. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बचाने की खूब कोशिश भी की, लेकिन इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई.
मामला मेरठ में खैरनगर का है. यहां गूलर वाली गली के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर फारुक के बेटे मोहम्मद कैफ (22) को पबजी खेलने की लत थी. शुक्रवार की रात में वह कानों में हेडफोन लगाकर गेम खेल रहा था. इस दौरान परिजनों ने उसे टोकने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात का जवाब दिए बिना खेल में लगा रहा. रात में करीब तीन बजे वह अचानक बेड से नीचे गिरा और अचेत हो गया. यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए और आनन फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया.
300 के पार पहुंचा बीपी
अस्पताल में डॉक्टरों ने कैफ की जांच की. पता चला कि टेंशन की वजह से इसका बीपी 300 के पार चला गया था. इसका सीधा असर उसके दिमाग पर पड़ा और दिमाग की नस फट गई थी. कैफ की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे दिल्ली ले आए, जहां दो दिन तक चले इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई. कैफ के जीजा शाहिद के मुताबिक वह अपने परिवार में इकलौता बेटा था. इस घटना के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया है.
ऑनलाइन गेम ने बुझाया चिराग
बेटे का शव लेकर घर लौटे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के मुताबिक ऑनलाइन गेम्स खेलने से रोकने के लिए कैफ को कई बार समझाया गया, लेकिन उसे ऐसी लत लग गई थी कि वह सबकी बातों को नजरअंदाज कर अपने मोबाइल में लगा रहता था. आखिरकार इसी ऑनलाइन गेम ने उनके घर का चिराग बुझा दिया. परिजनों ने बताया कि करीब चार महीने पहले ही कैफ को इस गेम की आदत लगी थी. इससे पहले वह रील बनाकर सोशल मीडिया में डालता था. परिजनों ने बड़ी मुश्किल से यह लत छुड़वाई तो वह ऑनलाइन गेम्स के जाल में फंस गया.
