ललिता गौतम हत्याकांड: मेरठ में प्रदर्शन के बाद बड़ी कार्रवाई, 7 गिरफ्तार, 30 से ज्यादा पर FIR

मेरठ में ललित गौतम हत्याकांड के विरोध में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार कर 30 से अधिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन (अंबेडकर गुट) के दिग्विजय सिंह भाटी को प्रदर्शन का सूत्रधार बताया है.

मेरठ में हिंसक प्रदर्शन के बाद पुलिस का एक्शन

मेरठ में एक युवती की हत्या के विरोध में हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं छह नामजद समेत 30 से अधिक लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. हत्या के विरोध में बीते दिन कलेक्ट्रेट के बाहर जमकर कर प्रदर्शन किया गया. सड़क घंटों जाम रहा, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई.

दरअसल, 20 वर्षीय ललिता गौतम 15 मई को टीपी नगर क्षेत्र से लापता हो गई थीं. 17 मई को उनका शव रोहटा क्षेत्र में मिला था. मामले में मुख्य आरोपी को 18 मई को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि बाद में साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में एक अन्य को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है.

कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क जाम, 11 पुलिसकर्मी घायल

ललिता गौतम की हत्या के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में लोग कमिश्नर चौराहे पर एकत्र हुए. पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने बिना अनुमति के कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क जाम कर दी. इस दौरान करीब छह घंटे तक चले सड़क जाम रहा. पुलिस के अनुसार, जाम में दो एंबुलेंस भी फंस गई थीं, जिन्हें बाद में रास्ता खाली कराकर निकाला गया.

आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के मुख्य गेट को तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की. पुलिस का कहना है कि बार-बार समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने. जिसमें 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए. प्रदर्शन में एक व्यक्ति की ओर से कथित तौर पर आत्मदाह की धमकी भी दी गई.

पूरे घटनाक्रम का “सूत्रधार” दिग्विजय सिंह भाटी

एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि वीडियो फुटेज और सोशल मीडिया सामग्री के विश्लेषण के आधार पर सड़क जाम कराने, लोगों को उकसाने और पूरे घटनाक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों की पहचान की गई है. उन्होंने बताया कि भारतीय किसान यूनियन (अंबेडकर गुट) के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह भाटी भी प्रदर्शन में शामिल थे.

उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह भाटी समेत अन्य चिन्हित लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है. अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम का “सूत्रधार” दिग्विजय सिंह भाटी है, जो पुलिस के अनुसार जिलाबदर है और इसके बावजूद मेरठ में प्रदर्शन में शामिल हुआ. दिग्विजय सिंह भाटी के खिलाफ अमरोहा और मेरठ में कई मुकदमे दर्ज हैं.

Follow Us