7 साल पहले लव मैरिज, फिर बस ड्राइवर से हुआ प्यार; BF से मिलकर पति को सांप से कटवाया
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पत्नी दामिनी ने अवैध संबंधों और 20 लाख के बीमा के लालच में अपने पति अतुल पंवार की सांप से कटवाकर हत्या कर दी. दामिनी का अपने ही स्कूल बस के ड्राइवर से अफेयर था. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी और ड्राइवर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अवैध संबंधों में बाधा बनने पर अपने पति की सांप से कटवाकर जान ले ली है. मृतक की पहचान स्कूल संचालक अतुल पंवार के रूप में हुई है. आरोपी महिला से अतुल ने सात साल पहले प्रेम विवाह किया था. इस शादी के बाद अतुल की पत्नी की उनके ही स्कूल में एक बस ड्राइवर से प्यार हो गया. ऐसे में आरोपी महिला ने नए प्यार को हासिल करने के लिए पहले प्यार को मार दिया.
जानकारी के मुताबिक बहसूमा क्षेत्र के रहने वाले अतुल पंवार पिछले कई वर्षों से हस्तिनापुर में किराए के मकान में रहकर कृष्णा किड्स प्ले स्कूल का संचालन करते थे. करीब सात वर्ष पहले उन्होंने दामिनी नामक युवती से प्रेम विवाह किया था. इसके बाद इन्हें एक बेटा भी हुआ, जो अब छह साल का है. शादी के बाद पति-पत्नी दोनों मिलकर स्कूल का संचालन कर रहे थे. इसी दौरान दामिनी का अपने स्कूल की बस के ड्राइवर से प्यार हो गया और वह पति से पीछा छुड़ाने की योजना बनाने लगी.
रची खौफनाक साजिश
अतुल पंवार शुक्रवार की सुबह अपने कमरे में बिस्तर पर मृत पाए गए. उनके दाहिने पैर पर सांप काटने के निशान थे. बिस्तर पर ही एक जिंदा सांप भी मौजूद था. पत्नी के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और सांप को डिब्बे में बंद किया और अतुल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अतुल के परिजनों दामिनी पर साजिश के तहत सांप से कटवाने का आरोप लगाया. इसके बाद पुलिस ने दामिनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने वारदात कबूल लिया.
रात में साथ-साथ सोए थे दोनों
पुलिस की पूछताछ में आरोपी पत्नी दामिनी ने बताया कि गुरुवार की रात वह पति और बेटे के साथ एक ही बिस्तर पर सोई थीं. देर रात करीब दो बजे गर्मी लगने की बात कह वह बेटे को लेकर दूसरे कमरे में चली गईं. मेरठ के कप्तान अविनाश पांडे के मुताबिक आरोपी पत्नी ने अवैध संबंधों की वजह से इस वारदात को अंजाम दिया है. उसका स्कूल बस के ड्राइवर से अवैध संबंध था. चूंकि अतुल ने अपना 20 लाख का बीमा कराया था, इसलिए दामिनी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अतुल की हत्याकर बीमा की रकम हथियाने का प्लान बनाया था. उन्होंने बताया कि दोनों को अरेस्ट कर लिया है.
