‘डंडे से मारेंगे…’, जब अफसर पर भड़के मिर्जापुर के BJP विधायक, Video
मिर्जापुर जनपद के कोन ब्लॉक के गोबरहा गांव में नमामि गंगे परियोजना के तहत हर घर नल योजना का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे विधायक रत्नाकर मिश्रा जल जीवन मिशन के अधिकारी पर भड़क उठे. इस दौरान उन्होंने अव्यवस्थाओं को 22 अप्रैल तक ठीक कर लेने की चेतावनी दी. उन्होंने अधिकारी से यह भी कहा कि 'ज्यादा बोलोगे तो बंद कर डंडे से मारेंगे.'
मिर्जापुर बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा का एक विवादास्पद वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह जल जीवन मिशन एक अधिकारी को यह बोलते दिख रहे हैं कि ‘बना लात खाए बद्तमीजी कर रहे हो. ग्राम प्रधान से लेकर पब्लिक सभी शिकायत कर रहे हैं कि कहीं भी पानी नहीं मिल रहा है. ज्यादा बोलोगे तो बंद कर डंडे से मारेंगे.’
रत्नाकर मिश्रा ने जलजीवन मिशन के अधिकारी चेतावनी भी दी है कि 22 तारीख तक सब कुछ ठीक कर लिया जाए नहीं तो किसी की खैरियत नहीं होगी. फिर एडीएम से भी कहा इनके खिलाफ लिखा-पढ़ी कर कार्रवाई की जाए. अब रत्नाकर मिश्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
हर घर नल योजना का निरीक्षण करने पहुंचे थे विधायक
भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा मंगलवार यानी 07 अप्रैल को मिर्जापुर जनपद के कोन ब्लॉक के गोबरहा गांव में नमामि गंगे परियोजना के तहत हर घर नल योजना का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे थे. निरीक्षण के दौरान इलाके के ग्राम प्रधान और जनता ने विधायक से शिकायत करते हुए कहा कि कहीं भी नल में पानी नहीं आ रहा है.
अव्यवस्था पर बिफरे विधायक रत्नाकर मिश्रा ने जल जीवन मिशन के कर्मचारियों से कहा कि कहां चले बताइए. किस गांव में पानी आ रहा है. जल जीवन मिशन के कर्मचारियों ने इस पाइप डैमेज को इस अव्यवस्था की वजह बताया. ऐसे में रत्नाकर मिश्रा ने नाराज होकर कहा कोई पाइप डैमेज नहीं है. इलाके के किसी भी गांव में पानी नहीं आ रहा है. इसे ठीक किया जाए नहीं तो कार्रवाई की जाएगी.
हाल ही में PWD अधिकारियों को भी लगाई थी फटकार
03 अप्रैल को भी रत्नाकर मिश्रा सुर्खियों में नजर आए थे. दरअसल, उन्होंने 18 मार्च, 2026 को पुल का उद्घाटन किया था. इस प्लाटून पुल से विंध्याचल आने वाले और जाने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत के लिए निर्माण कराया गया था. यह पुल महज दो हफ्तों में ही क्षतिग्रस्त हो गया था. तब बीजेपी विधायक ने PWD अधिकारियों को फटकार लगाते कहा था कि, ‘पीपा डाला नहीं जा रहा और छीछालेदर हम लोगों का हो रहा है.’
विधायक रत्नाकर मिश्रा ने पीपा पुल का वीडियो वायरल होने पर विधायक ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को फोन पर फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि ‘पीपा पुल बनते देरी नहीं और बिगड़ने देरी नहीं… ये क्या बात है. पीपा डाला नहीं जा रहा और छीछालेदर हम लोगों का हो रहा है. ‘ विधायक ने अधिकारी को कड़े शब्दों में कहा कि पुल आज के आज सही हो जाना चाहिए.
