पहले की लव मैरिज, एक्सिडेंट में टूटा BF का पैर तो तोड़ा रिश्ता; तभी आई प्रेग्नेंसी रिपोर्ट… अब कर रही ये जिद

मिर्जापुर में एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है. लव मैरिज के बाद BF का पैर टूटा तो GF ने रिश्ता तोड़ लिया. बाद में प्रेग्नेंट होने पर वह वापस लौटी और पुलिस की मदद से युवक को साथ रखने पर राजी किया. अंततः मंदिर में दोनों की दोबारा शादी हुई, जो प्रेम, दुर्घटना और मजबूरी का एक अजीब संगम है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक अजीब प्रेम कहानी सामने आई है. यहां एक युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग था. घर वाले इनकी शादी को राजी नहीं हुए तो दोनों ने भागकर शादी कर ली. कुछ दिन दोनों साथ रहे, लेकिन इसी बीच युवक का एक्सिडेंट हो गया और उसका पैर टूट गया. यह देखकर युवती ने उससे रिश्ता तोड़ लिया और उसे छोड़कर अपने परिजनों के साथ रहने लगी. फिर एक दिन प्रेग्नेंसी टेस्ट कराई तो पता चला कि वह प्रेग्नेंट है. इस रिपोर्ट को देखकर उसके होश ही उड़ गए.

फिर वह अपने परिजनों को साथ लेकर युवक के घर पहुंची, लेकिन उसने साथ रखने से मना किया तो थाने पहुंच गई. आखिर में पुलिस ने बड़ी मुश्किल से युवक को समझा-बुझाकर साथ रखने के लिए तैयार किया. युवक की सहमति मिलने के बाद युवती के परिजनों ने थाने के पास वाले मंदिर में ही दोनों की विधिवत शादी करा दी. इसके बाद युवक और युवती दोनों एक साथ अपने घर चले गए.

सोनभद्र की रहने वाली है युवती

पुलिस के मुताबिक युवती सोनभद्र जिले के एक गांव के रहने वाली है. इस युवती का मिर्जापुर में राजगढ़ थाना क्षेत्र के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों काफी समय से एक दूसरे के संपर्क में थे. दोनों ने अपने घर वालों को अपने रिश्ते के बारे में बताया था. जब वो तैयार नहीं हुए तो दोनों ने भागकर शादी कर ली और एक साथ रहने लगे. युवक ने पुलिस को बताया कि कुछ ही दिन बाद उसका एक्सिडेंट हो गया था. इसमें उसका पैर टूट गया. यह देखकर युवती उसे छोड़कर चली गई थी.

फिर बदली परिस्थिति

युवक ने बताया कि उसने भी युवती को नहीं रोका और ना ही उसे मायके से बुलाने गया. कुछ दिन तक तो सबकुछ ठीक था, लेकिन एक दिन युवती की तबियत खराब हुई और उसने अस्पताल में जांच कराई तो पता चला कि वह प्रेग्नेंट है. इस रिपोर्ट को देखने के बाद वह दोबारा उसके साथ रहने की बात करने लगी. उसने मना किया तो वह थाने पहुंच गई. पुलिस के मुताबिक काफी देर चली पंचायत के बाद युवक को राजी किया गया और फिर आपसी सहमति से दोनों की पास के मंदिर में शादी कराई गई.

Follow Us