गर्लफ्रेंड ने शादी का वादा तोड़ा तो कॉलेज प्रिंसिपल ने दे दी जान; सुसाइड नोट में लिखा- यह बेवफा कई घर बर्बाद करेगी
गोरखपुर में एक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल ने गर्लफ्रेंड से धोखा मिलने के बाद अपनी जान दे दी. मृतक ने अपने साथ एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. साथ ही जान देने से पहले उसने व्हाट्सएप पर उससे जुड़ा एक वीडियो भी लगाया है. इसमें उसने गर्लफ्रेंड और उसके परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
गोरखपुर में एक इंटर कालेज के प्रिंसिपल ने सुसाइड कर लिया. आत्महत्या करने से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट भी लिखा. साथ ही एक वीडियो बनाकर अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर भी लगाया. सुसाइड नोट में प्रिंसिपल ने लिखा है कि मेरी मौत की जिम्मेदार मेरी गर्लफ्रेंड और उसके परिवार वाले हैं. गर्लफ्रेंड शादी का झांसा देकर लगातार मुझसे संबंध बनाती रही. अब उसने शादी से इंकार कर दिया है.
सुसाइड नोट में मृतक ने यह भी लिखा है कि गर्लफ्रेंड मुझे लगातार धमकी दे रही है. खुद से जाकर मर जाने की बात कह रही है. यह लड़की धोखेबाज और बेवफा है. यह कई और घर बर्बाद करेगी. पुलिस ने बताया कि प्रिंसिपल का कॉलेज की ही एक टीचर से अफेयर था. पहले उसके घर वाले शादी करने के लिए तैयार थे. लेकिन बाद में लड़की और उसके परिवार वालों ने शादी करने से मना कर दिया. यह पूरी घटना गोरखपुर की चौरी चौरा थाना क्षेत्र की है.
रात में सोने के लिए कॉलेज आया था धीरज
गोरखपुर की चौरी चौरा थाना क्षेत्र की इब्राहिमपुर के पूर्व प्रधान दिनेश सिंह का गांव की बाहर यदुवंश सिंह पार्वती देवी के नाम से इंटर कॉलेज है. इस कॉलेज का प्रिंसिपल उनका बड़ा बेटा 30 वर्षीय धीरज सिंह था. वह रोजाना रात को कॉलेज में ही सोने आता था. शनिवार रात भी वह सोने के लिए कॉलेज आया. लेकिन रविवार सुबह वह घर नहीं गया. ऐसे में उसका छोटा भाई सत्य प्रकाश सिंह उसे जगाने पहुंचा तो देखा दरवाजा अंदर से बंद है.
कमरे का नजारा देख सन्न रह गया छोटा भाई
आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया अंदर से नहीं मिली. ऐसे में सत्यप्रकाश ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया. अंदर धीरज का शव रस्सी के सहारे पंखे की कुंडी से लटक रहा था. यह देख सत्यप्रकाश जोर-जोर से चिल्लाने लगा. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. फिर घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने जब धीरज के पैंट कि जेब चेक किया तो उसे एक सुसाइड नोट मिला.
लड़की के परिवार वालों ने शादी से अचानक किया मना
मृतक के भाई ने बताया कि उनके भाई की शादी नहीं हुई थी. वह चार भाइयों मे सबसे बड़ा. कॉलेज में पढ़ाने वाली एक लड़की से उनका अफेयर था. वह लड़की घर आती जाती थी. दोनों परिवार शादी के लिए राजी थे. लेकिन कुछ दिन पहले लड़की ने शादी करने से मना कर दिया. लड़की के परिवार वाले भाई को जान से मारने की धमकी दी थी. इसी वजह से भाई तनाव में था.
गर्लफ्रेंड और उसके परिजनों पर मुकदमा दर्ज
इस मामले में क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा ने बताया कि स्कूल के प्रिंसिपल ने फंदे से लटक कर सुसाइड कर लिया है. मृतक के शव के पास से सुसाइड नोट मिला है. सुसाइड नोट में एक महिला और उसके परिजनों को मौत का जिम्मेदार बताया गया है. धमकी देने का भी जिक्र है. मृतक प्रिंसिपल के परिजनों के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.
