‘छिछालेदर हो रहा है’, मिर्जापुर में पीपा पुल टूटने पर भड़के BJP विधायक, 15 दिन पहले किया था उद्घाटन

मिर्जापुर में गंगा नदी पर बना प्लाटून पुल क्षतिग्रस्त हो गया. सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा द्वारा 15 दिन पहले इसका उद्घाटन किया था. यह पुल हरसिंहपुर से विंध्याचल धाम को जोड़ता है. पुल दो टुकड़ों में बंट गया है, जिसका वीडियो वायरल है. विधायक ने इससे नाराज होकर PWD अधिकारियों को फटकारा.

सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा

मिर्जापुर में गंगा नदी पर बना प्लाटून पुल महज दो हफ्तों में ही क्षतिग्रस्त हो गया. महज कुछ ही दिनों में हरसिंहपुर से विंध्याचल धाम को जोड़ने वाला प्लाटून पुल टूट चुका है. राहगीर जान जोखिम में डालकर गंगा पार कर रहे हैं. सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने पुल का उद्घाटन किया था, अब वह काफी नाराज है, और PWD अधिकारियों को फटकार लगाई है.

विधायक रत्नाकर मिश्रा ने 18 मार्च, 2026 को पुल का उद्घाटन किया था, जो अब भ्रष्टाचार के भेंट चढ़ गया है. इस प्लाटून पुल से विंध्याचल आने वाले और जाने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत के लिए निर्माण कराया गया था. बीजेपी विधायक ने PWD अधिकारियों को फटकार लगाते कहा, ‘पीपा डाला नहीं जा रहा और छीछालेदर हम लोगों का हो रहा है.’

‘पुल बनते देरी नहीं और बिगड़ने देरी नहीं’

विधायक रत्नाकर मिश्रा ने वीडियो वायरल होने पर विधायक ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को फोन पर फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि ‘पीपा पुल बनते देरी नहीं और बिगड़ने देरी नहीं… ये क्या बात है. पीपा डाला नहीं जा रहा और छीछालेदर हम लोगों का हो रहा है. ‘ विधायक ने अधिकारी को कड़े शब्दों में कहा कि पुल आज के आज सही हो जाना चाहिए.

पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने फोन पर जवाब दिया कि पानी कम होने के कारण नहीं हो पा रहा है. विधायक ने कहा क्रेन से करवाया जाए. पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जानकारी होने पर अधिकारियों से कहा गया है जल्दी सही कर लिया जाएगा, आंधी पानी के कारण हो जाता है जो धस गया है. साथ ही विधायक ने भ्रष्टाचार के आरोप पर विपक्ष पर भी निशाना साधा.

पोस्ट डालने पर सपा-बसपा पर भी भड़के

समाजवादी पार्टी और बसपा पर पीपा पुल की खबर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने को लेकर नगर विधायक ने कहा सपा सरकार में 03 बार मुख्यमंत्री रहने के बाद भी एक पुल नहीं बनवाया जा सका. विधायक ने सपा के साथ बसपा पर भी साधा निशाना कहा कि बाप के बाद बुआ भी आई लेकिन पुल नहीं बनवा पाई. वहीं, पुल को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है.

Follow Us