AC बना काल! गैस रिफिलिंग के दौरान भीषण ब्लास्ट, बुझ गया घर का चिराग

मुरादाबाद में AC गैस रिफिलिंग के दौरान जोरदार धमाका हुआ. इसमें घर के बड़े बेटे की जान चली गई. युवक मैकेनिक था और घर में लगे AC की खुद सर्विसिंग कर रहा था. इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में दहशत है.

मुरादाबाद में गैस रिफिल करते युवक की दर्दनाक मौत

मुरादाबाद के थाना गलशहीद इलाके के असालतपुरा (इमाम बाड़ा) में एक घर में AC में गैस भरते समय अचानक कंप्रेसर फट गया. इस भीषण ब्लास्ट की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसकी अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई. हादसे के वक्त घर में इतना तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई थी.

धमाके की आवाज सुनकर जब तक पड़ोसी और परिजन मौके पर दौड़े थे, तब तक युवक खून से लथपथ हो चुका था. युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दो-तीन मिनट के भीतर ही उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है, जो पिछले कई सालों से एसी मैकेनिक का काम कर रहा था.

युवक 6 साल से एसी का हुनरमंद कारीगर था

यह हादसा उस समय हुआ जब असालतपुरा निवासी मोहम्मद तौहीद का बड़ा बेटा मोहम्मद कैफ अपने घर में लगे एसी की सर्विस कर रहा था. वह करीब 6 साल से एसी का हुनरमंद कारीगर था. शुक्रवार की देर शाम जब वह एसी में गैस रिफिल कर रहा था, तभी अचानक तकनीकी खराबी या दबाव के कारण एसी का कंप्रेसर जोरदार आवाज के साथ फट गया.

परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

ब्लास्ट इतना भयानक था कि कैफ को संभलने का मौका तक नहीं मिला. इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. डॉक्टरों के द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया. साथ ही शव को अपनी जिम्मेदारी पर घर वापस ले आए और शनिवार सुबह उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया.

हंसते-खेलते परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक के पिता मोहम्मद तौहीद और सगे चाचा मोहम्मद तौसीफ ने बताया कि कैफ अनुभवी कारीगर था और लंबे समय से यही काम कर रहा था. बीते कल शाम को वह अपने ही घर के एसी में गैस डाल रहा था, तभी यह अनहोनी हो गई. इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार के चिराग को हमेशा के लिए बुझा दिया है. पीड़ित परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है.

Follow Us