‘जिम में बहक न जाए बीवी’ इसलिए पति ने मार डाला, ट्रेनर्स के रोमांस के किस्सों से भी था परेशान
मुरादाबाद में जिम जाने को लेकर पति ने पत्नी की हत्या कर दी. अब इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. आरोपी पति ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी से बेहद प्यार करता था. लेकिन जिम में बाहरी लोगों के प्रभाव और सोशल मीडिया पर चर्चित जिम रोमांस की कहानियों और जिम ट्रेन के चर्चित प्रेम प्रसंगों ने उसे इनसिक्योर कर दिया था.ऐसे में उसने पत्नी को जिम जाने से रोका तो उसने कथित तौर पर गाली-गलौज की. ऐसे में आपा खोकर उसने पत्नी पर वार कर दिया.
मुरादाबाद के कटघर कोतवाली इलाके में स्क्रैप कारोबारी शोभित गुप्ता ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी. वह पत्नी के जिम जाने से नाराज था. अब पुलिस ने इस मामले चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी पति ने कहा कि आए दिन जिम ट्रेनरों और महिलाओं के अफेयर के किस्से उसे डराते थे. उसे डर था कहीं पत्नी भी किसी अनहोनी का शिकार न हो जाए.
शोभित ने पुलिस को बताया है कि वह अपनी पत्नी से बेहद प्यार करता था. लेकिन जिम में बाहरी लोगों के प्रभाव और सोशल मीडिया पर चर्चित जिम रोमांस की कहानियों और जिम ट्रेन के चर्चित प्रेम प्रसंगों ने उसे इनसिक्योर (असुरक्षित) बना दिया था. इसकी वजह से उसने पत्नी पूनम को कई बार जिम जाने से रोका था. प्यार से समझाया और धमकाया भी. लेकिन उसने जिम जाना बंद नहीं किया.
क्या पत्नी के गाली देने पर भड़क उठा?
बुधवार सुबह पूनम जिम से वापस लौटी, तो इसी बात पर उससे बहस हो गई. धीरे-धीरे बहर हिंसक हो गई थी. शोभित ने बताया, वह उसे मारना नहीं चाहता था. लेकिन पूनम के अड़ने और कथित गाली-गलौज से वह आपा खो बैठा और गुस्से में दुकान का शटर खोलने वाले लोहे के हैंडल से पत्नी के सिर पर कई बार वार कर दिए. मौके पर ही पूनम की मौत हो गई
10 साल पहले दोनों ने लिए थे सात फेरे
शादी के 10 साल बाद इस वैवाहिक जीवन का अंत इतना खौफनाक होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी, 7 साल की मासूम बेटी की मां पूनम अपनी फिटनेस के लिए रोज जिम जाती थी, जो शोभित को कतई पसंद नहीं था. बुधवार सुबह करीब 10 बजे जब पूनम जिम से लौटी थी, तो घर में विवाद शुरू हो गया था.
एक के बाद एक किए 9 वार
शोभित ने जब उसे दोबारा जिम न जाने की कसम दिलानी चाही थी, तो पूनम ने साफ इनकार कर दिया था, इसी नोकझोंक के बीच गुस्से में पागल शोभित ने लोहे के भारी हत्थे से पूनम के सिर और गर्दन पर एक के बाद एक 9 प्रहार किए. प्रहार इतने भीषण थे कि पूनम का भेजा क्षतिग्रस्त हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने फर्श पर ही दम तोड़ दिया था.
पुलिस जांच में हुए कई खुलासे
कटघर कोतवाली इलाके में होई इस वारदात को अंजाम देने के बाद शोभित ने इसे हादसे की शक्ल देने की नाकाम कोशिश की थी, उसने शव को बेड पर लिटा दिया और शाम होने का इंतजार करता रहा था, शाम करीब 6 बजे उसने खुद एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी गिरकर घायल हो गई है. कटघर कोतवाली पुलिस को शोभित की बातों में विरोधाभास लगा और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
अचानक हमला था या फिर सोची-समझी साजिश
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है. पत्नी की हत्या के मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने न केवल शोभित, बल्कि जेठ-जेठानी समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर भी मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या यह अचानक हुआ हमला था या इसके पीछे कोई गहरी साजिश थी.
