IRS की बेटी की हत्या के बाद हो जाएं अलर्ट! महज 50 रुपये में करवाएं अपने नौकर का वेरिफिकेशन
दिल्ली में IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी के साथ रेप, मर्डर और लूट की वारदात ने लोगों को झकझोर दिया है. लोगों को समझ आ रहा है पुलिस हमेशा नौकरों के वेरिफिकेशन कराने के लिए क्यों जोर देती है. ऐसे में हम आपको यहां बता रहे हैं कि कैसे आप महज 50 रुपये खर्च कर घर में काम करने वाले नौकरों का पुलिस वेरिफिकेशन कर सकते हैं.
दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके के कैलाशा हिल्स में एक IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी के साथ रेप, मर्डर और लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था. वारदात को किसी और ने नहीं बल्कि IRS के घर में काम कर चुके पूर्व नौकर राहुल मीणा ने ही अंजाम दिया था. पुलिस ने 12 घंटे के अंदर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी राहुल मीणा को द्वारका के होटल से गिरफ्तार कर लिया था. लेकिन इस मामले घर में काम करने वाले नौकरों के वेरिफिकेशन की अहमियत को फिर से उजागर कर दिया.
नौकरों का वेरिफिकेशन क्यों है जरूरी?
एक IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी के साथ रेप, मर्डर और लूट की वारदात में भी ये बात सामने आई है कि आरोपी नौकर, जिसे पहले ही काम से निकाल दिया गया था, उसे बिना पुलिस वेरिफिकेशन के काम पर रखा गया था. इस मामले ने बताया कि इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए पुलिस वेरिफिकेशन बेहद जरूरी है.घर में काम करने वाले नौकरों के वेरिफिकेशन में अगर आपने दरकिनरार किया तो ये आपके और परिवार की जान के लिए खतरनाक साबित हो सकता है इसलिए हम आपको बता रहे हैं कि आप महज 50 रुपये खर्च कर कैसे घर में काम करने वाले नौकरों का पुलिस वेरिफिकेशन कर सकते हैं.
घर बैठे कैसे कराएं वेरिफिकेशन
- सबसे पहले आप प्ले स्टोर से UPCOP – UP Police Citizen Service App डाउनलोड करें
- फिर ऐप खोलकर अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करें. इसपर OTP आएगा. इसे दर्ज कर साइन अप करें
- ऐप के मुख्य पेज पर ‘Services’ पर जाएं और ‘Domestic Help Verification’ या ‘Character Verification’ विकल्प चुनें
- यहां नौकर का विवरण जैसे मोबाइल नंबर, वर्तमान और स्थायी पता, और एक पहचान पत्र जैसी जानकारियां भरें
- फिर नौकर की एक पासपोर्ट साइज फोटो और आईडी प्रूफ (जैसे आधार या वोटर कार्ड) की फोटो अपलोड करें.
- आगे मालिक के तौर पर अपनी जानकारी भरें. फिर सब्मिट करते हुए 50 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करें.
- आपका फॉर्म सब्मिट हो चुका होगा. यहां आपको एक यूनिक नंबर मिलेगा. इससे आप आवेदन का स्टेटस चेक कर सकते हैं.
भविष्य में वारदातों का खतरा रहेगा कम
कुछ दिनों बाद UPCOP – UP Police Citizen Service App आवेदन का स्टेटस की जानकारी चेक करें. यहां आपको नौकर के आपराधिक इतिहास की जानकारी मिल जाएगी. उसके खिलाफ दर्ज केसेज की इंफॉर्मेशन भी आ जाएगी. जिससे भविष्य में चोरी या अन्य वारदातों का खतरा कम रहेगा. साथ ही पुलिस के पास नौकर की सारी जानकारी उपलब्ध रहेगी. ऐसे में किसी घटना की स्थिति में उसे खोजना आसान होगा.बता दें कि अगर नौकर कोई अपराध करता है, और उसके मालिक ने वेरिफिकेशन में लापरवाही बरती है तो उसपर भी कार्रवाई हो सकती है.
