मुरादाबाद में डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली के परखच्चे उड़े, 2 की मौत, 20 घायल

मुरादाबाद में डंपर और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर की खबर आ रही है. ये टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली डंपर में फंस गई. बाद में जेसीबी की मदद से दोनों को अलग करना पड़ा है.इस हादसे में 2 की तत्काल मौत हो गई है. वहीं, 20 घायल बताए जा रहे हैं.

मुरादाबाद रोड एक्सीडेंट

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के थाना मैनाठेर इलाके के डींगरपुर-असदपुर रोड पर एक तेज रफ्तार, मिट्टी से भरे डंपर ने भात (वैवाहिक रस्म) देकर लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी है. सड़क हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए. मौके पर ही दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. तकरीबन 20 लोग घायल हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली डंपर में फंस गई. बाद में जेसीबी की मदद से दोनों को अलग करना पड़ा है. हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया है. सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से घायलों को मुरादाबाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया है.

गरीब परिवार से ताल्लूक रखते हैं हादसे में घायल लोग

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और उचित इलाज के निर्देश दिए हैं. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पीड़ित परिवारों का कहना है कि वे गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं और बागपत से भात की रस्म पूरी कर अपने घर भटोला (संभल) वापस जा रहे थे, तभी रास्ते में इस डंपर ने टक्कर मार दी. प्रशासन अब फरार डंपर चालक की तलाश और कानूनी कार्रवाई में जुटा है.

चंद लम्हों में खुशियां मातम में बदली

हादसे के लेकर शिकार सुरेश और वेद प्रकाश ने बताया कि वे सभी लगभग 20-25 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर घर लौट रहे थे. सुबह का समय था और अचानक पीछे से आए तेज़ रफ़्तार अनियंत्रित डंपर ने बिना किसी चेतावनी के सीधे ट्रॉली में टक्कर मार दी है. टक्कर लगते ही लोग सड़क पर बिखर गए और कई लोग डंपर के नीचे आ गए थे. घायल वेद प्रकाश के कहा, डंपर चालक की रफ्तार बहुत अधिक थी और वह ट्रॉली को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया था, ग्रामीण राकेश सिंह ने बताया कि प्रशासन को सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद मदद पहुंची है, तब तक स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया था.

7 से 8 घायलों की स्थिति नाजूक

पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद डंपर को कब्जे में ले लिया है. हालांकि चालक मौके से भागने में सफल रहा है, जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में से सात-आठ की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की संभावना है. अस्पताल पहुंचे अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है. पीड़ितों ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए मदद की गुहार लगाई है. फिलहाल, पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.

Follow Us