गजब! स्टार्ट नहीं हुई तो ई-रिक्शा से टो कर वैगनआर ले गए चोर, दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

मुरादाबाद में एक चौंकाने वाली कार चोरी की घटना सामने आई है, जहां चोरों ने स्टार्ट न होने पर वैगनआर को ई-रिक्शा से धक्का लगवाकर उड़ाया. यह अनोखी वारदात CCTV में कैद हुई, जिसमें चोरों का शातिराना अंदाज दिखा. दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे पीड़ित कार मालिक काफी निराश हैं.

वैगनआर को ई-रिक्शा से ले गए चोर

मुरादाबाद के थाना मझोला के टीपी नगर पुलिस चौकी इलाके में एक चौंकाने वाली कार चोरी की घटना सामने आई है. एक शातिर चोर ने स्टार्ट न होने पर वैगनआर को ई-रिक्शा से धक्का लगवाकर उड़ाया. चोर का शातिराना अंदाज पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह पूरी वारदात 8 मई की रात करीब 12:30 बजे की है, जब पूरा शहर नींद के आगोश में था. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चोर पहले मोटरसाइकिल से आता है और रेकी करने के बाद कार का लॉक तोड़ देता है. जब कार स्टार्ट नहीं हुई, तो चोर ने हार नहीं मानी और एक ई-रिक्शा को बुलाकर उसके जरिए कार को टो (Tow) कर वहां से रफूचक्कर हो गया.

चोर की यह करतूत पुलिस के लिए बनी चुनौती

पीड़ित अमित कुमार ने बताया कि उनकी वैगनआर कार (2012 मॉडल) कारखाने के बाहर सुरक्षित खड़ी थी. चोरों ने इस तरीके से कार चोरी की हर कोई हैरान है. पीड़ित के द्वारा थाने में शिकायत देकर पुलिस से कानूनी कार्यवाही की मांग की गई है. मुरादाबाद पुलिस के द्वारा वाहन चोरी की घटना का संज्ञान लेकर जांच पड़ताल शुरू की जा रही है.

चोरी की यह पूरी प्रक्रिया इतनी सहजता से की गई कि किसी को शक तक नहीं हुआ है. शातिर चोर की यह करतूत अब पुलिस के लिए एक चुनौती बन गई है, क्योंकि फुटेज में अपराधी का चेहरा और वारदात का तरीका साफ दिखाई दे रहा है. लेकिन घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे पीड़ित अमित बेहद आहत हैं.

SSP ऑफिस जाकर गुहार लगाएंगे- पीड़ित

अमित का कहना है कि वह टीपी नगर चौकी और पुलिस केंद्र शिकायत लेकर पहुंचे और पुलिस को चोरी की जानकारी दी. पीड़ित ने अब उच्च अधिकारियों का दरवाजा खटखटाने का मन बना लिया है. अमित का कहना है कि जल्द उनकी गाड़ी बरामद नहीं हुई और चोर पकड़ा नहीं गया, तो वह न्याय के लिए एसएसपी (SSP) ऑफिस जाकर गुहार लगाएंगे.

Follow Us