राजपाल यादव के बाद अब अमीषा पटेल पर जेल जाने की तलवार, मुरादाबाद कोर्ट ने जारी किया NBW वारंट

साल 2017 में एक शादी में परफॉर्मेंस के लिए अमीषा पर 14 लाख 50 हजार रुपये लेने के बाद कार्यक्रम में ना पहुंचने का आरोप लगा था. अब इस मामले में मुरादाबाद कोर्ट ने अमीषा पटेल के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है.

अमीषा पटेल

मुरादाबाद कोर्ट ने फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है. अमीषा पर आरोप है कि 2017 में एक शादी परफॉर्मेंस के लिए 14 लाख लिए, फिर कार्यक्रम शिरकत नहीं किया. इसको लेकर ड्रीम विजन कंपनी के MD पवन वर्मा ने कोर्ट से न्याय की गुहार लगाई थी. कोर्ट की कई नोटिस के बावजूद अमीषा पटेल पेश नहीं हो रही थीं. ऐसे में कोर्ट ने अब उनके खिलाफ नॉन बेलेबेल वारंट जारी कर दिया है.

अमीषा ने एडवांस पैसे लिए, फिर भी कार्यक्रम में नहीं पहुंची

ड्रीम विजन कंपनी के MD पवन वर्मा ने कोर्ट में बताया था कि साल 2017 में एक शादी में परफॉर्मेंस के लिए अमीषा ने 14 लाख 50 हजार रुपये लिए थे. इसके बावजूद वह कार्यक्रम नहीं पहुंची. उन्होंने कोर्ट को बताया अमीषा ने उनसे पैसे एडवांस ले लिए थे. लेकिन दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने 2 लाख रुपये एक्सट्रा डिमांड की. हमने ऐसा करने से मना कर दिया तो एक्ट्रेस बिना बताए वापस लौट गईं.

अमीषा पर इन धाराओं के तहत चल रहा केस

शिकायतकर्ता का कहना है कि अमीषा पटेल ने अब तक पैसे नहीं लौटा. इस मामले में पवन कुमार ने अमीषा के साथ-साथ सुरेश कुमार, राजकुमार गोस्वामी और अहमद शरीफ के खिलाफ भी केस दर्ज कराया. फिलहाल, अमीषा पर इस मामले पर धारा 120B, 406, 504, 420 और 506 के तहत केस चल रहा है.

अमीषा का 2 लाख का चेक हो चुका है बाउंस

शिकायतकर्ता का कहना है कि अमीषा ने एक बार उन्हें कथित तौर पर चेक के जरिए 2 लाख रुपये वापस किए. लेकिन ये चेक बैंक में बाउंस हो गया. ऐसे में कोर्ट ने अमीषा को खुद पेश होने का नोटिस भेजा. बता दें अमीषा को लेकर झारखंड से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था.

पहले भी आ चुका है ऐसा मामला

दरअसल, झारखंड के एक प्रोड्यूसर ने अमीषा की एक फिल्म के लिए ढाई करोड़ रुपये इनवेस्ट किए थे. लेकिन वह फिल्म कभी बन नहीं पाई. अमीषा ने प्रोड्यूसर का पैसा नहीं चुकाया था. इसके चलते मामला कोर्ट चला गया था. हालांकि अब अमीषा ने प्रोड्यूसर को उसके पैसे लौटा दिए हैं. इससे केस खत्म हो गया था. ॉ

जेल में क्यों हैं राजपाल यादव

साल 2012 में राजपाल यादव ने फिल्म ‘अता पता लापता’ का निर्देशन किया था. फिल्म के लिए राजपाल ने 5 करोड़ का कर्ज लिया था.  बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म नहीं चली. राजपाल को भारी नुकसान हुआ. 5 करोड़ का कर्ज बढ़कर 9 करोड़ का हो गया. इस दौरान उनकी तरफ से दिया गया चेक बाउंस भी हो गया. अदालत की ओर से उन्हें कर्ज चुकाने के कई अवसर दिए गए, लेकिन राजपाल भुगतान नहीं कर पाए. उन्होंने 5 फरवरी 2026 को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था.