मुरादाबाद: ‘सरप्राइज’ नहीं, मौत का वारंट… पत्नी का गला घोंट पति ने पूरा किया खौफनाक वादा
मुरादाबाद में दहेज लोभी पति ने नवविवाहिता पत्नी की निर्मम हत्या कर दी. पति ने 'सरप्राइज' का बहाना बनाकर जिकरा का गला घोंट दिया, जबकि ससुरालवाले शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे. पुलिस ने आरोपी पति समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है. यह घटना दहेज प्रथा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सामाजिक जागरूकता की मांग करती है.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है. यहां एक युवक ने दहेज के लिए अपनी ही नव विवाहिता पत्नी का ऐलानिया कत्ल किया है. वारदात मुरादाबाद के कटघर कोतवाली क्षेत्र में रहमत नगर का है. वारदात की जांच करते हुए मुरादाबाद पुलिस ने 72 घंटे के अंदर आरोपी पति अनस अली को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी पत्नी को सरप्राइज देने का वाद किया था और कुछ ही घंटे में उसकी हत्या कर अपना खौफनाक वादा पूरा किया.
पुलिस के मुताबिक मृत महिला की पहचान जिकरा पत्नी अनस अली के रूप में हुई है. हाल ही में इनकी शादी हुई थी. जिकरा के भाई फैजल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा था. जिकरा का पति अनस अली और ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते थे. फैजल के मुताबिक वारदात से कुछ घंटे पहले ही अनस अली ने जिकरा को कहा था कि “कल तुम्हारे घरवालों को एक सरप्राइज देंगे”.
पिछले साल हुई थी शादी
फैजल के मुताबिक जिकरा की शादी पिछले साल 7 फरवरी को बड़े धूमधाम से हुई थी. उन लोगों ने अपनी क्षमता से अधिक इस शादी में खर्च किया था और दहेज में नगदी एवं अन्य सामा दिए थे. बावजूद इसके बहनोई अनस अली और उसके परिवार वालों की मांग कम नहीं हुई. आए दिन जिकरा को ससुराल में दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा. फिर तीन दिन पहले उसकी हत्या कर दी गई.
बहन ने की थी आखिरी कॉल
फैजल जमाल के मुताबिक जिकरा के निकाह के बाद से ही शौहर अनस, देवर अरसद, ससुर अकरम, सास शाहीन और ननद जैनब उसे लगातार दहेज के लिए तंग कर रहे थे. कई बार सामाजिक बैठकों के जरिए समझौता कराने की कोशिश की गई, लेकिन ससुराल पक्ष की लालच और दरिंदगी कम नहीं हुई. उसने बताया कि घटना वाली रात जिकरा ने डर के साये में अपने मायके फोन कर अनहोनी की आशंका जताई थी. फिर अगली सुबह पता चला कि जिकरा की गला घोंटकर हत्या हो चुकी है.
पूछताछ में हुआ खुलासा
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था. वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति एवं अन्य ससुरालियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसमें आरोपियों ने वारदात कबूल लिया. इसके बाद पुलिस ने सभी छह आरोपियों को अरेस्ट करते हुए अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
