‘थाने में मेरी सेटिंग है…’ गोतस्कर को दिखाया एनकाउंटर का डर, पुलिस के नाम पर ऐंठ लिए 1.7 लाख रुपये
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक पेशेवर अपराधी ने गोतस्कर को पुलिस एनकाउंटर का डर दिखाकर ₹1.7 लाख ठग लिए. आरोपी इकराम कुरैशी ने पुलिस में अपनी सेटिंग का झांसा दिया था, ताकि गोतस्कर मोहम्मद फरूख का नाम फाइलों से निकलवा सके. ठगी का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने फरूख को गिरफ्तार कर पूछताछ की. अब पुलिस ने इकराम को भी दबोच लिया है.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक बदमाश ने दूसरे बदमाश से पुलिस के नाम पर ठगी की है. इस बदमाश ने दूसरे को पुलिस फाइल से नाम निकलवाने का झांसा देकर एक लाख 70 हजार रुपये ऐंठ लिए. वहीं जब दूसरे बदमाश को पुलिस ने अरेस्ट किया और पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ. इसके बाद पुलिस ने इस बदमाश के खिलाफ फ्रेश मुकदमा दर्ज कर उसे भी दबोच लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामला मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद फरार चल रहे गोतस्कर मोहम्मद फरूख को पुलिस ने अरेस्ट किया था. इससे पूछताछ हुई तो पता चला कि इसने पुलिस की फाइलों से अपना नाम निकलवाने के लिए इकराम कुरैशी नामक युवक को एक लाख 70 हजार रुपये दिए थे. उसने भरोसा भी दिया था कि अब पुलिस उसे गिरफ्तार करने नहीं आएगी.
ऐसे हुआ खुलासा
आरोपी का यह बयान सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई. फिर डिटेल में पूछताछ हुई तो आरोपी ने बताया कि पुलिस पर फायरिंग के बाद वह फरार था. इन्हीं दिनों उसके एक जानने वाले भोजपुर निवासी इकराम कुरैशी ने उसके परिवार से संपर्क किया और एनकाउंटर का डर दिखाया. इसके बाद इकराम ने अपनी पुलिस से साठगांठ का झांसा देकर उसके परिवार को भरोसा दिया कि वह उसे बचा लेगा. इसके लिए आरोपी ने दो बार में एक लाख 70 हजार रुपये ले लिए.
पेशेवर अपराधी है इकराम
पुलिस के मुताबिक आरोपी इकराम भी एक पेशेवर अपराधी है. उसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट एवं रंगदारी के कई मुकदमे दर्ज है. आरोप है कि इकराम ने पुलिस में अपनी पैठ का झांसा देकर कई बार ठगी की है. पुलिस ने फिलहाल इकराम को भी अरेस्ट कर फारुख के साथ ही जेल भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
