एक ने भरी दूसरे की मांग… 2 लड़कियों ने रचाई शादी, तभी पहुंची पुलिस; अब कोर्ट में होगा फैसला
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दो लड़कियों ने मंदिर में आपस में शादी कर ली है. इस खबर से शहर में हलचल मच गई है. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों लड़कियों को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है. दोनों युवतियों ने पुलिस से सुरक्षा मांगी है. पुलिस के मुताबिक इनके अनोखे प्रेम विवाह का भविष्य अदालत तय करेगी.
उत्तर प्रदेश की पीतल नगरी मुरादाबाद आज सुर्खियों में है. इस बार यह शहर अपने पीतल उत्पाद की वजह से नहीं, बल्कि दो लड़कियों की आपस में शादी कर लेने की वजह से चर्चा में आया है. दरअसल मुरादाबाद की रहने वाली एक युवती ने रामपुर की रहने वाली एक युवती के साथ मंदिर में शादी कर ली है. इनमें पति बनी लड़की ने पत्नी बनी लड़की की मांग में सिंदूर भरा और फिर दोनों ने जीवन भर एक दूसरे का साथ निभाने की कसमें खाईं.
घटना तीन दिन पहले 31 जनवरी की शाम की है, लेकिन दोनों लड़कियों के परिवार वालों ने अब पुलिस में आकर एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है. इसी बीच दोनों लड़कियां खुद थाने पहुंच गईं और बताया कि दोनों ने एक दूसरे से शादी कर ली है. दोनों ने अपने परिजनों से अपनी जान का खतरा बाते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार तक लगाई है. यह सुनकर पुलिस भी अवाक रह गई.
ये है कहानी
पुलिस के मुताबिक मुरादाबाद में भगतपुर की रहने वाली युवती रामपुर में रहने वाली अपनी बुआ के घर गई थी. वहीं पर बुआ के घर के सामने रहने वाली युवती से उसकी दोस्ती हो गई और दोनों आपस में फोन पर बात करने लगीं. इस दौरान दोनों में प्यार हो गया. युवतियों ने पुलिस को बताया कि प्यार परवान चढ़ने पर दोनों ने शादी के बंधन में बंध जाने का फैसला किया और 31 जनवरी को एक दूसरे की मांग भर दी. इस बीच दोनों के घर से गायब होने पर परिजनों को शक हुआ और थाने में आकर एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दे दी.
अब कोर्ट में होगा फैसला
इसके बाद खुद थाने पहुंची इन दोनों लड़कियों ने अपनी जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है. सभी पक्षों की शिकायत को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने दोनों युवतियों को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है. अब पुलिस मजिस्ट्रेट के सामने दोनों लड़कियों का बयान दर्ज कराएगी. पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब जो भी फैसला होगा, कोर्ट में होगा. मुरादाबाद के एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के मुताबिक कोर्ट के आदेश के मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.
