मुनव्वर राना की बेटी को तीन तलाक, शौहर ने घर से भी निकाला; थाने पहुंची हिबा

मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना को उनके शौहर ने तीन तलाक दे दिया है. हिबा ने लखनऊ के सआदतगंज थाने में पति सैय्यद मोहम्मद साकिब और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट व तीन तलाक की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना

मशहूर उर्दू शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना इस समय मुश्किल में हैं. उनके शौहर ने तीन तलाक देकर उन्हें घर से बाहर कर दिया है. हिबा ने राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाने में अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है.

हिबा राना ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया है कि उनका निकाह 19 दिसंबर 2013 को सकीरये हाउस, करीमगंज, लखनऊ में रहने वाले सैय्यद मोहम्मद साकिब के साथ हुआ था. निकाह के वक्त उनके पिता मुनव्वर राणा ने सोने-चांदी और हीरे के आभूषणों के अलावा करीब 10 लाख रुपये नगद दहेज में दिया था. इस निकाह के बाद उन्हें दो बच्चे हुए. इनमें एक बेटा सैय्यद फवाज और एक बेटी हय्याम फातिमा है.

शादी के बाद से ही प्रताड़ना

हिबा के मुताबिक शादी के बाद वह ससुराल पहुंची. उसी समय से उसके शौहर साकिब और ससुर ने दहेज की मांग शुरू कर दी. उनसे 20 लाख रुपये नगद और एक फ्लैट की मांग की जाती रही है. वैवाहिक जीवन बचाने के लिए उनके मायके वालों ने कई बार मांगें पूरी भी की, लेकिन ससुरालियों का लालच खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा. हिबा का आरोप है कि इसी बात को लेकर उसका शौहर आए दिन उसके साथ मारपीट करता है. कई बार उसे जान से मारने की कोशिश भी की गई.

बहन के आने पर हुई पिटाई

हिबा ने पुलिस को बताया कि 9 अप्रैल 2025 को उसके शौहर साकिब ने उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की थी. इसी दौरान उनकी बहन आर्शिया राना उर्फ टीना मिलने आई तो आरोपी शौहर और उग्र हो गया. आरोप है कि साकिब ने तीन बार तलाक-तलाक-तलाक कहकर उसे रिश्ता तोड़ लिया और धक्के मारते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया. पीड़िता के मुताबिक उसके दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर दिया गया था. पुलिस के मुताबिक पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.