‘इंस्टा वाली मोहब्बत’ थाने की दहलीज तक पहुंची… मीनाक्षी-सालिम की इस प्रेम कहानी ने उड़ाए सबके होश

मुरादाबाद की मीनाक्षी और सालिम की इंस्टाग्राम पर शुरू हुई प्रेम कहानी अब पुलिस की दहलीज तक पहुंच गई है. युवती के परिजनों ने अपहरण की FIR दर्ज कराई, जिसके बाद प्रेमी जोड़े ने एसएसपी से सुरक्षा मांगी है. मीनाक्षी बिना धर्म बदले लिव-इन में रहना चाहती है.

मीनाक्षी-सालिम ने SSP से लिव-इन की गुहार लगाई

मुरादाबाद से एक बेहद चर्चा का विषय सामने आया है, जहां ‘इंस्टाग्राम’ के जरिए शुरू हुई एक प्रेम कहानी अब पुलिस की चौखट तक पहुंच गई है. इस कहानी के दो किरदार मीनाक्षी और सालिम हैं. दोनों पिछले एक साल से रिश्ते में हैं, लेकिन मामला तब गरमाया जब युवती के परिजनों ने अपहरण की FIR दर्ज कराई. अब दोनों ने SSP से सुरक्षा मांगी है.

मीनाक्षी (22) और मोहम्मद सालिम जैतपुर गोधी गांव की रहने वाले हैं. प्रेमी जोड़े ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी सुरक्षा की मांग की है. मीनाक्षी अपनी मर्जी से सालिम के साथ लिव-इन में रहना चाहती है. उसका कहना है कि उसने अपना धर्म नहीं बदला है और वह अपने मूल धर्म पर कायम रहते हुए सालिम के साथ जीवन बिताना चाहती है.

‘मीनाक्षी पर धर्म परिवर्तन का कोई दबाव नहीं’

सलीम ने बताया कि वह और मीनाक्षी एक-दूसरे को काफी समय से जानते हैं. उनके बीच बातचीत इंस्टाग्राम से शुरू हुई और फिर वे फोन पर भी संपर्क में रहे है. उसने बताया कि जब वे नैनीताल घूमने गए थे, तब उसके खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज करा दी गई. सालिम, मीनाक्षी को उसकी मर्जी के अनुसार रखने के लिए पूरी तरह तैयार है.

सालिम का कहना है कि उसने मीनाक्षी पर धर्म परिवर्तन को लेकर कभी कोई दबाव नहीं बनाया है. सालिम ने कहा कि मीनाक्षी जिस भी धर्म का पालन करना चाहेगी, वह उसे पूरी आजादी देगा. वह अब कप्तान साहब से अपनी सुरक्षा और कानूनी रूप से साथ रहने की अनुमति चाहता है. वहीं, युवती ने अपने परिवार से अपनी और सालिम की जान के खतरा बताया है.

युवक हिरासत में, अब युवती के बयान होंगे अहम

​वहीं, एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के निर्देशन में भोजपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्यवाही की गई है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि 7 मई को युवती के पिता द्वारा तहरीर दी गई थी, जिसमें आरोप था कि उनकी बेटी को कॉलेज जाते समय मोटरसाइकिल सवार युवक ले गया. इस शिकायत पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया था.

पुलिस ने इसके बाद युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया था. पुलिस के अनुसार, युवती के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए जा रहे हैं और अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की कार्यवाही जारी है. युवती के दिए गए बयानों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, यह मामला जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है.

Follow Us