लखनऊ में ट्रेन रोकी, इंजन पर भी चढ़ीं… अब विधायक पल्लवी पटेल पर रेलवे एक्ट में FIR
अपना दल (कमेरावादी) विधायक पल्लवी पटेल ने UGC रेगुलेशन बिल के समर्थन में लखनऊ में मार्च निकाला. इस दौरान उन्होंने चारबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोककर प्रदर्शन किया. अब पल्लवी पटेल और उनके समर्थकों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है.
लखनऊ में अपना दल (कमेरावादी) विधायक पल्लवी पटेल के खिलाफ शनिवार को रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. उनपर ट्रेन रोकने और रेलवे ट्रैक को जाम करने का आरोप लगा है. पल्लवी पटेल ने UGC रेगुलेशन बिल के समर्थन में सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया. इस दौरान ट्रेनों का संचालन घंटों ठप रहा.
दरअसल, सिराथू विधायक पल्लवी पटेल के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने राजधानी चारबाग रेलवे स्टेशन से विधानसभा तक पैदल मार्च निकाला. पुलिस की बैरिकेडिंग के चलते भीड़ चारबाग रेलवे स्टेशन पर जा पहुंची, जहां जमकर प्रदर्शन हुआ. इस दौरान भीड़ ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया गया. पल्लवी पटेल खुद ट्रेन के इंजन पर चढ़ गई थीं.
डेढ़ घंटे तक चारबाग रेलवे स्टेशन पर हंगामा
चारबाग रेलवे पुलिस फोर्स (RPF) ने विधायक पल्लवी पटेल और उनके समर्थकों पर केस दर्ज किया है. RPF का कहना है कि कृत्य को ‘असंवैधानिक’ है, सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. आरपीएफ ने रेलवे एक्ट की धाराओं 147, 145 और 156 के तहत केस दर्ज किया है. प्रदर्शन से ट्रेनें बाधित हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है.
पल्लवी पटेल अपने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ दोपहर करीब 12:30 बजे चारबाग से विधानसभा तक पैदल मार्च के लिए निकलीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद भीड़ रेलवे स्टेशन पर जा पहुंचा, जहां करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा होता रहा. आखिर में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को घसीटकर रेलवे ट्रेक से दूर किया, कईयों को हिरासत में लिया गया है.
यह वंचित समाज के सम्मान की लड़ाई- पल्लवी पटेल
प्रदर्शन के दौरान पल्लवी पटेल ने केंद्र सरकार और न्यायपालिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि यूजीसी रेगुलेशन को लागू करने की दिशा में लगातार बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि यूजीसी रेगुलेशन बिल जरूरी है और इसे लागू कर युवाओं को शिक्षा एवं अधिकार की गारंटी दी जानी चाहिए. लेकिन उनको न्याय से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है.
पल्लवी पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी सुप्रीम कोर्ट तक अपनी बात मजबूती से पहुंचाएगी, जब तक यूजीसी रेगुलेशन लागू नहीं होता तब तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि हम लोग सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करते रहेंगे. यह लड़ाई युवाओं और वंचित समाज के सम्मान की लड़ाई है. इससे पहले पल्लवी पटेल ने मार्च में भी इसको लेकर प्रदर्शन किया था.
