वाराणसी: दालमंडी में एक साथ 45 इमारतों पर चला बुलडोजर, अब 71 घरों और 6 मस्जिदों पर होगा एक्शन
वाराणसी की दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत अब तक की सबसे बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई जारी है. पीडब्लूडी और वीडीए ने एक साथ 45 भवनों पर बुलडोजर चलाए. अब 71 मकान और 6 मस्जिद बची है. इस परियोजना का लक्ष्य 31 अगस्त तक 650 मीटर सड़क को 17.4 मीटर चौड़ा करना है.
दालमंडी प्रोजेक्ट की डेड लाइन जैसे जैसे नज़दीक आ रही है वैसे वैसे प्रशासन की कार्रवाई तेज होते जा रही है. दालमंडी में शनिवार को अब तक की सबसे बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई जारी है. पीडब्लूडी और वीडीए ने एक साथ 45 भवनों पर बुलडोजर चलाए. दालमंडी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, पारा मिलिट्री के साथ कई थानों की पुलिस मौजूद है.
पीडब्लूडी और वीडीए की संयुक्त कार्रवाई में तीन बुलडोजर भी शामिल हैं. प्रशासन की तरफ से बताया गया है कि जिन 45 भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो रही है. इन मकानों में 25 की रजिस्ट्री हो चुकी है जबकि 20 मकान नगर निगम ने जर्जर घोषित किया है. ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में ड्रोन से भी निगरानी रखी जा रही है.
इस कार्रवाई के बाद 110 भवन ध्वस्त हो चुके होंगे
पीडब्लूडी के एक्सईएन केके सिंह ने टीवी 9 डिजिटल को बताया कि आज दालमंडी में सुबह 11 बजे से 45 भवनों पर कार्रवाई चल रही है. इन 45 भवनों पर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरा होने के बाद 110 भवनों को हम ध्वस्त कर चुके होंगे. अब तक विभाग से 39 करोड़ रुपये से ज्यादा का मुआवजा बांटा गया है. पुलिस और पीएसी की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू हुई.
31 मई तक दालमंडी की जमीन खाली करा ली जाएगी
केके सिंह ने बताया कि 31 मई तक दालमंडी की जमीन खाली करा ली जाएगी. जबकि 31 अगस्त तक प्रोजेक्ट को पूरा करना है. 225 करोड़ की इस परियोजना में नई सड़क से चौक के बीच 650 मीटर लम्बी गली को 17.4 मीटर चौड़ा करना है. 181 भवन और 6 मस्जिद इसके जद में आ रहे थे. अब सिर्फ 71 भवन और छह मस्जिद ही शेष रह गए हैं.
योगी सरकार के वाराणसी विकास मॉडल का हिस्सा
दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना योगी सरकार के वाराणसी विकास मॉडल का अहम हिस्सा है. इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पर ट्रैफिक का बोझ कम करना और काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर 4 तक श्रद्धालुओं के लिए रास्ता आसान करना है. हालांकि, स्थानीय निवासियों में इस परियोजना को लेकर शुरू से ही नाराजगी है.
