‘पीठ पीछे पैसे लेकर बदली रिपोर्ट’, घर के सामने शराब दुकान पर विवाद, फौजी ने लगाया आरोप

मणिपुर में तैनात फौजी ने मुरादाबाद आबकारी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनके घर के सामने रिहायशी इलाके में शराब दुकान खोलने का विरोध हो रहा है. फौजी का दावा है कि विभाग ने झूठी रिपोर्ट तैयार कर परिवारों और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में डाली है. स्थानीय महिलाएं भी प्रदर्शन कर रही हैं.

मणिपुर में तैनात फौजी का आबकारी विभाग पर बड़ा आरोप

मुरादाबाद में जिला आबकारी विभाग ने शराब की दुकान को रिहायशी इलाके में शिफ्ट करने और उसे मॉडल शॉप में बदलने का फैसला किया है. लेकिन इस फैसले का स्थानीय जनता और फौजी परिवारों ने उग्र विरोध किया है. नए स्थान के चयन पर फौजी का दावा है कि आबकारी विभाग ने झूठी रिपोर्ट तैयार कर परिवारों और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में डाली है.

दरअसल, शाहपुर चौराहा और वसंत विहार के पास 24 मीटर रोड पर कंपोजिट शराब की दुकान को 400 स्क्वायर फीट की जगह में मॉडल शॉप के रूप में स्थानांतरित करने की योजना बनाई जा रही है. लेकिन इस नए स्थान के ठीक सामने कई सेवारत और सेवानिवृत्त फौजियों के परिवार रहते हैं. आर्मी जवान ने विभाग पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं.

पीड़ित परिवारों ने कलेक्ट्रेट पर दोबारा किया प्रदर्शन

स्थानीय जनता और फौजी परिवारों का कहना है कि रिहायशी इलाके में शराब का बड़ा गोदाम और मॉडल शॉप खुलने से इलाके का माहौल खराब होने आशंका जताई है. इससे महिलाओं की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है. जहां से रोज सुबह-शाम महिलाएं, बहन-बेटियां और स्कूली बच्चे गुजरते हैं. पीड़ित परिवारों ने इसकी शिकायत डीएम से भी की थी.

लोगो का कहना है कि पहले भी 50 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर करके जिलाधिकारी से इसकी लिखित शिकायत की थी, जिस पर तत्कालीन डीएम ने दुकान न खोलने का आश्वासन दिया था. लेकिन, अब आबकारी विभाग द्वारा कथित तौर पर मिलीभगत कर एक गलत रिपोर्ट तैयार की गई है, जिससे नाराज होकर पीड़ित परिवारों ने कलेक्ट्रेट पर दोबारा प्रदर्शन किया है.

आबकारी विभाग ने रिपोर्ट बदली, DM को गुमराह किया

कलेक्ट्रेट में आक्रोशित मोहल्लेवासी के साथ मणिपुर के अशांत जिरीबाम जिले में तैनात आर्मी जवान भी पहुंचे थे. उन्होंने आबकारी विभाग पर भ्रष्टाचार के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. जवान का कहना है कि वह एक महीने की छुट्टी पर घर आया है और उसके मकान के ठीक सामने शराब की नई मॉडल शॉप और नीचे गोदाम बनाने की तैयारी चल रही है.

जवान के मुताबिक, आबकारी विभाग के छोटे कर्मचारी ने दूसरे पक्ष से सांठगांठ करके (डीएम) को गुमराह किया है और यह झूठी रिपोर्ट लगा दी कि वहां किसी को कोई आपत्ति नहीं है. जवान ने भावुक होते हुए कहा कि वह 3000 किलोमीटर दूर जंगलों में देश की रक्षा कर रहा है, जबकि यहां उसके परिवार और मां-बहनों को डराया जा रहा है, धमकी दी जा रही.

वहीं, प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का आरोप है कि यदि उनके घरों के ठीक पास यह शराब की भट्टी खुलती है, तो उनके छोटे-छोटे बच्चों का भविष्य पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा. महिलाओं ने रोष जताते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर शराब की दुकानें खुली तो वे अपने परिवार को इस बर्बादी के रास्ते पर धकेलने के बजाय आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएंगी.

जिला आबकारी अधिकारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि संबंधित कंपोजिट शॉप को मॉडल शॉप में बदलने के लिए आवेदक द्वारा 400 स्क्वायर फीट की जगह देखी गई थी. वर्तमान में उस स्थान को लेकर स्थानीय जनता और कुछ परिवारों द्वारा आपत्ति जताई जा रही है, जिसकी गंभीरता से जांच की जा रही है. जनभावनाओं के अनुरूप आवश्यक कदम उठाई जाएगी.

Follow Us