अमन बनकर दोस्ती, फिर धर्म बदलने का दबाव… छात्रा ने लगाए शोषण के आरोप; गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
मुरादाबाद में लव-जिहाद का गंभीर मामला सामने आया है. अरमान नामक युवक ने 'अमन' बनकर एक छात्रा से दोस्ती की, उसका शारीरिक शोषण किया और फिर जबरन धर्म परिवर्तन व नाम बदलने का दबाव डाला. पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं.
मुरादाबाद में एक छात्रा ने युवक पर पहचान छिपाकर दोस्ती करने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर पाकबड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं.
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित बीसीए छात्रा ने बताया कि उसकी मुलाकात एक मेडिकल स्टोर पर काम करने वाले युवक से हुई थी. आरोप है कि युवक ने अपना नाम ‘अमन‘ बताकर उससे दोस्ती की और बाद में शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए. बाद में उसे पता चला कि युवक का असली नाम अरमान है और उसने अपनी पहचान छिपाई थी.
नाम बदलने, धर्म परिवर्तन करने का बनाया दबाव
पीड़िता का आरोप है कि सच सामने आने के बाद उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और कथित तौर पर अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता रहा. शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी उस पर नाम बदलने, खान-पान बदलने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा था.
आरोपी ने पहले परिचय बढ़ाया और धीरे-धीरे उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया. बातचीत के सिलसिले के बीच आरोपी ने छात्रा को झांसे में लेकर शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं. पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है. साथ ही, मामले से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
