बुलेट पुल पर खड़ी है… ताऊ को भेजा मैसेज और GF संग रामगंगा नदी में लगाई छलांग, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
मुरादाबाद में एक युवक और युवती ने बाईपास पुल के ऊपर से रामगंगा नदी में छलांग लगा दी. दोनों यहां एक बुलेट बाइक पर सवार होकर आए थे. नदी में छलांग लगाने से पहले युवक ने अपने ताऊ को एक मैसेज भेजा. इसमें लिखा था कि बुलेट पुल पर खड़ी है. इसके अलावा उसने अपने ताऊ को कहा था कि उसे ढूंढने की कोशिश ना करें.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक युवक और युवती ने बाईपास पुल के ऊपर से रामगंगा नदी में छलांग लगा दी. दोनों यहां एक बुलेट बाइक पर सवार होकर आए थे. नदी में छलांग लगाने से पहले युवक ने अपने ताऊ को एक मैसेज भेजा. इसमें लिखा था कि बुलेट पुल पर खड़ी है. इसके अलावा उसने अपने ताऊ को कहा था कि उसे ढूंढने की कोशिश ना करें. ताऊ की सूचना पर पहुंची पुलिस और फ्लड यूनिट की टीम ने स्थानीय गोताखोरों के साथ नदी में युवक और युवती की तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस को घटनास्थल पर खड़ी बुलेट बाइक के पास और उसके ऊपर खून के कुछ निशान भी मिले हैं. जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है. लापता युवक की पहचान सूर्यनगर निवासी तुषार गोस्वामी के रूप में हुई है. वह बुध बाजार के एक कपड़े के शोरूम में काम करता था. वहीं, उसके साथ कूदी युवती की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, युवक के परिजनों ने बताया कि वह सुबह रोज़ की तरह काम पर निकला था, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे उसने अपने ताऊ को मैसेज भेजा कि वह मरने जा रहा है.
बहाव तेज होने से रेस्क्यू में आ रही मुश्किल
इस समय रामगंगा नदी में पानी का बहाव बेहद तेज़ है. राहत दल के मुताबिक ऐसे हालात में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है, लेकिन अभी तक युवक और युवती का कोई सुराग नहीं मिला है. लापता युवक तुषार की बहन खुशी गोस्वामी ने बताया कि घर में कोई परेशानी नहीं थी. तुषार शोरूम के मालिक से झूठ बोलकर निकला था और बाद में उसका फोन बंद आने लगा था. इसी बीच उसने अपने फोन से ताऊ को मैसेज किया था कि वह मरने जा रहा है.
परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
घटना के बाद से ही तुषार के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के मुताबिक तुषार के साथ किसी लड़की के होने की जानकारी उन्हें नहीं है. हालांकि स्थानीय लोगों ने तुषार के साथ किसी युवती को देखा है. गोताखोर मोहम्मद वसीम के मुताबिक नदी की गहराई में जाकर दोनों की काफी तलाश की, लेकिन बरसात के कारण रामगंगा नदी का जलस्तर बहुत तेज़ी से बढ़ रहा है. बहाव भी काफी तेज़ है.
पुलिस ने की ब्रीफिंग
घटना को लेकर एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बयान दिया है. उन्होंने बताया कि एसएचओ कटघर को दोपहर करीब 1:00 बजे सूचना मिली थी कि 12:00 से 12:30 बजे के बीच रामगंगा पुल से एक महिला और पुरुष ने नदी में छलांग लगा दी है. पुलिस टीम और फ्लड यूनिट तुरंत मोटर बोट के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई थी. बुलेट बाइक के नंबर से युवक की पहचान तुषार के रूप में हुई है. हालांकि अभी तक महिला के बारे में छानबीन की जा रही है. पुल पर बुलेट के पास मिले खून के धब्बों के सवाल पर एसपी सिटी ने कहा कि बुलेट पर और उसके पास रक्त की कुछ बूंदें मिली हैं, लेकिन वास्तविक स्थिति रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही पता चलेगी.
