‘पहले अपनी मां को मार कर आओ…’ पत्नी को विदा कराने आए शख्स के सामने सास ने रखी ऐसी शर्त

आगरा में एक महिला ने अपने दामाद के जरिए अपनी समधन की हत्या कराने की कोशिश की. आरोपी महिला ने दामाद के सामने शर्त रखी कि वह अपनी मां को मारकर आएगा तो ही वह उसके साथ अपनी बेटी को विदा करेगी. आरोपी महिला के दबाव में आकर युवक ने घर आकर अपनी मां को जहर दे दिया.

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक झकझोर देने वाली घटना हुई है. यहां एक महिला ने अपने दामाद के जरिए समधन की हत्या की साजिश रची. पत्नी को विदा कराने आए दामाद के सामने आरोपी महिला ने शर्त रखी थी कि वह अपनी मां को मारकर आएगा तो ही वह उसके साथ अपनी बेटी को विदा करेगी. आरोपी महिला के दबाव में आकर युवक ने घर आकर अपनी मां को जहर दे दिया. इससे उनकी हालत बिगड़ गई. आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

मामला आगरा के थाना पिढ़ौरा क्षेत्र स्थित एक गांव की है. इस गांव में रहने वाले रनवीर ने पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि गुरुवार को उनके अपने बेटे ने सब्जी में जहर मिलाकर अपनी मां को खिला दिया था. इससे उनकी तबीयत बिगड़ गई. आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद उनकी जान तो बचा ली है, लेकिन अभी हालत गंभीर बनी हुई है. रनवीर ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके बेटे को ऐसा करने के लिए उसकी सास ने मजबूर किया है.

सामने आई ये कहानी

आरोपी बेटे ने पूछताछ में बताया कि उसकी शादी फतेहाबाद क्षेत्र के एक गांव में हुई है. उसकी पत्नी मायके में ही रह रही है. वह अपनी पत्नी को विदा करने गया तो उसकी सास ने उसे जहर की पुड़िया पकड़ा दी. कहा कि पहले वह जहर की पुड़िया अपनी मां को खिलाकर आए तो ही वह अपनी बेटी उसके साथ भेजेगी. सास की इस शर्त का विरोध करने के बजाय आरोपी बेटा जहर की पुड़िया लेकर घर आया और अपनी मां की सब्जी में मिला दिया.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक तथ्यों और बयान के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है. पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी. कुछ दिन बाद उसकी पत्नी प्रेग्नेंट हुई तो मायके चली गई. जहां उसने एक बेटी को जन्म दिया है. इस दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी और दोनों परिवार के लोगो के बीच झगड़ा हुआ था और मामला पुलिस तक भी पहुंचा. उसी समय आरोपी सास ने अपनी बेटी को ससुराल नहीं भेजने की बात कही थी.

Follow Us