डेढ़ साल बाद एक थप्पड़ का बदला, तीन दोस्तों ने मिलकर रची खौफनाक मर्डर प्लान

मुरादाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. डेढ़ माह पुराने ताश के खेल में हुए मामूली थप्पड़ का बदला लेने के लिए दोस्तों ने ही अपने दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी. ईंटों से चेहरा कुचलकर शव नाले में फेंक दिया गया था. जांच में पता चला कि तीन दोस्तों ने मिलकर यह खौफनाक मर्डर प्लान की थी.

ताश के थप्पड़ का बदला! दोस्तों ने ही दोस्त को ईंटों से कुचला

मुरादाबाद में दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां ताश खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद और एक थप्पड़ का बदला लेने के लिए तीन दोस्तों ने अपने ही साथी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपियों ने युवक को ताश खेलने के बहाने सुनसान जगह पर बुलाया और ईंटों से उसका चेहरा कुचलकर शव नाले में फेंक दिया.

पुलिस के अनुसार, शनिवार को मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांगन वाली इलाके में एक सुनसान नाले से 25 वर्षीय रियाजुल का शव बरामद हुआ था. स्थानीय लोगों ने नाले में शव को आवारा कुत्तों द्वारा नोचते देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रियाजुल के रूप में की, जो पीतल ढलाई का काम करता था.

तीन दोस्तों ने मिलकर रची खौफनाक मर्डर प्लान

शुरुआती जांच में हत्या की वजह और हत्यारों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था, लेकिन पुलिस ने जब तत्परता दिखाते हुए मृतक के परिजनों से गहन पूछताछ की, तो हत्या की सारी परतें खुलती चली गईं. परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात रियाजुल को उसके ही कुछ करीबी दोस्त घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा था.

इसी अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने संदेह के घेरे में आए तीन युवकों को हिरासत में लिया था. जांच में पता चला कि तीन दोस्तों ने मिलकर यह खौफनाक मर्डर प्लान की थी. जब पुलिस ने उनसे सख्ती से पूछताछ की थी, तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल करते हुए पूरी खौफनाक हत्या की साजिश का पर्दाफाश कर दिया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया है.

रियाजुल ने उसे सबके सामने मारा था थप्पड़

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान तौहीद, अब्दुल वहाब उर्फ राजा और मुजाहिद उर्फ पर्ची के रूप में हुई है, जो सभी मृतक रियाजुल के पुराने दोस्त थे. पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी तौहीद ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले ताश खेलने के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान रियाजुल ने उसे सबके सामने थप्पड़ मारा था.

तौहीद इस सरेआम हुए अपमान को बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने मन ही मन रियाजुल से बदला लेने की ठान ली थी. वह लगातार सही मौके की तलाश में था, आखिरकार उसने अपने दो अन्य साथियों, अब्दुल वहाब और मुजाहिद को इस साजिश में शामिल किया और रियाजुल को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की एक खौफनाक योजना तैयार कर ली गई थी.

चेहरा पूरी तरह कुचलकर शव को नाले में फेंका

तय साजिश के मुताबिक शुक्रवार की रात करीब दस बजे तीनों आरोपी रियाजुल के घर पहुंचे और उसे दोबारा ताश खेलने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे. वे उसे चौबीस फुटा रोड स्थित नाले के आगे पानी की टंकी के पास ले गए थे. जहां सुनसान पाकर उन्होंने रियाजुल पर ईंटों से ताबड़तोड़ हमला और सिर कुचलकर कर मौत के घाट उतार दिया.

आरोपियों ने चेहरा पूरी तरह कुचल दिया ताकि उसकी शिनाख्त न हो सके और फिर शव को नाले में फेंक दिया. मृतक रियाजुल का अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था. वह मेहनत-मजदूरी करके अपनी मां और भाई-बहन का पेट पालता था. पुलिस ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच हो रही है.

Follow Us