पड़ोसी ने निर्माण कार्य रोका तो ताबड़तोड़ फायरिंग, लखनऊ में ICU इंचार्ज की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें गठित
लखनऊ में जमीन विवाद को लेकर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. शताब्दी अस्पताल के ICU इंचार्ज पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग का आरोप है. गोली लगने से नईम नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
लखनऊ में सुशान्त गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा बक्कास में सोमवार दोपहर जमीन पर निर्माण कार्य कराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि एक पक्ष ने लाइसेंसी पिस्टल से दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी. वहीं, गोली लगने से नईम नाम का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस के मुताबिक, आलमबाग निवासी सरदार सुखविन्दर सिंह ने ग्राम कटरा बक्कास में जमीन खरीदी थी. सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह मजदूरों को लगाकर अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे. इसी दौरान पड़ोस की जमीन के मालिक नईम मौके पर पहुंचे और बिना पैमाइश कराए निर्माण कार्य कराने पर आपत्ति जताते हुए काम रुकवा दिया.
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान सरदार सुखविन्दर सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से नईम पर फायरिंग कर दी. गोली नईम के दाहिने सीने के निचले हिस्से में लगी. बताया जा रहा है कि उन्हें 2 से 3 गोलियां लगी हैं. राजधानी में दिनदहाड़े इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
आरोपी ICU इंचार्ज के पद पर कार्यरत
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल नईम को तत्काल मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी सरदार सुखविन्दर सिंह शताब्दी अस्पताल, अहिमामऊ में आईसीयू इंचार्ज के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही सुशान्त गोल्फ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच टीमों का गठन किया है. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है. फिलहाल घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है.
