मुफ्त की दारू के लिए बेटे ने चलाई गोली, 72 घंटे बाद पिता अरेस्ट; अंडरग्राउंड हो गया आरोपी ​

मुरादाबाद में मुफ्त शराब न मिलने पर एक कैंटीन संचालक के बेटे ने शराब सेल्समैन को गोली मार दी. इस खूनी खेल में दो सेल्समैन घायल हुए. पुलिस ने आरोपी के बुजुर्ग पिता को लाइसेंसी बंदूक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी बेटा 72 घंटे बाद भी फरार है. यह घटना पंडित नगला गांव की है, जहां शराब के लिए पहले भी विवाद होता रहा था.

बेटे ने चलाई गोली, पिता अरेस्ट

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मुफ्त की दारू के लिए खूनी खेल का मामला सामने आया है. ठेके के पास कैंटीन चलाने वाले युवक ने दो सेल्समैन्स को गोली मार दी. इस घटना का लाइव वीडियो सामने आया था. अब इस मामले में पुलिस ने आरोपी के बुजुर्ग पिता को अरेस्ट किया है. हालांकि वारदात के 72 घंटे बाद भी आरोपी फरार है. यह वारदात मुरादाबाद के कटघर कोतवाली क्षेत्र में पंडित नगला गांव का है. इस मामले में एक सेल्समैन के पिता ने आरोपी पिता पुत्र के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था.

सेल्समैन के पिता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उसका बेटा राकेश अंग्रेजी शराब की दुकान पर अपने साथी विकास के साथ काम करता है. इस परिसर में आरोपी हीरालाल अपने कुनबे के साथ कैंटीन का संचालन करता है. बताया कि हीरालाल के बेटे और उसके परिवार के अन्य सदस्य शराब की दुकान से शराब लेते थे, लेकिन पैसे देने के नाम पर आनाकानी करते थे. इसी बात को लेकर कई बार इनके बीच नोकझोंक भी हुई. इसी क्रम में आरोपियों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी.

ऐसे हुई वारदात

पीड़ित पिता ने बताया कि गुरुवार को भी हीरालाल का बेटा सतीश शराब लेने आया तो उनके बेटे ने मना कर दिया. इसी बात पर दोनों में झगड़ा हुआ और सतीश ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक उठाकर दोनों सेल्समैन के ऊपर गोली चला दी. इस वारदात में गोली राकेश के पेट में और विकास के हाथ में लगी थी. इससे दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर गए. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे. आनन फानन में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था.

बरामद हुई बंदूक

कटघर कोतवाल शैलेंद्र कुमार के मुताबिक पुलिस ने मुख्य आरोपी के पिता 70 वर्षीय आरोपी हीरालाल को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है. वहीं मुख्य आरोपी सतीश की तलाश में दबिश तेज कर दी गई है. उन्होंने बताया कि आरोपी हीरालाल के पास से वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी बंदूक भी जब्त की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक कार्रवाई होगी.

Follow Us