वेज आइटम में चिकन पॉउडर… टेम्पटेशन बेकरी पर फूड सेफ्टी टीम का छापा, हैरान कर देगा खुलासा
मुरादाबाद की 'टेंपटेशन स्वीट एंड बेकरी' पर खाद्य सुरक्षा टीम ने वेज बताकर नॉनवेज बेचने और एक्सपायर्ड उत्पाद रखने के आरोप में छापा मारा. अभियान के तहत बेकरी सील कर दी गई और नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं. लैब रिपोर्ट के आधार पर कड़ी कार्रवाई व लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी गई है.
उत्तर प्रदेश में वेज के नाम पर नॉनवेज बेचने का बड़ा खेल चल रहा है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने मुरादाबाद एक प्रतिष्ठित बेकरी हाउस पर छापेमारी कर ऐसे ही एक खेल का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई के दौरान टीम ने ‘टेम्पटेशन स्वीट एंड बेकरी’ के गोदाम और फैक्ट्री से सैंपल भरते हुए सीलिंग की कार्रवाई की है. सहायक कमिश्नर अपूर्व श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने फैक्ट्री और गोदाम से लिए गए सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए हैं. आगे की कार्रवाई लैब रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी.
इस छापेमारी में शामिल अधिकारियों के मुताबिक मौके से वेज आइटम में चिकन पॉवडर भी मिला है. इसके अलावा यहां भारी मात्रा में एक्सपायर्ड (समय सीमा समाप्त) प्रोडक्ट्स भी मिले हैं. इन प्रोडक्ट को भी बेचने के लिए रखा गया है. इस तरह की अनियमितता पकड़े जाने के बाद बेकरी हाउस को सील कर दिया गया है. वहीं लैब रिपोर्ट में मिलावट या किसी अन्य तरह की अनियमिता की पुष्टि होती है तो बेकरी हाउस के मालिक के खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी.
अभियान के तहत हुई कार्रवाई
मुरादाबाद मंडल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने आगामी त्योहारों को देखते हुए अभियान शुरू किया है. इसी अभियान के तहत यह छापेमारी हुई है. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को मिलावट रहित और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है. विभागीय अधिकारियों के मुताबिक ‘टेम्प्टेशन’ में छापेमारी के दौरान भारी अनियमितताएं मिली हैं. इसके अलावा स्वच्छता के मानकों की भी घोर अनदेखी पाई गई है. विभाग ने कुल 11 खाद्य पदार्थों के सैंपल प्रयोगशाला भेजा है, इनमें केक सजावट में प्रयुक्त होने वाले शुगर बॉल्स से लेकर विभिन्न मसाले और सॉस शामिल हैं.
लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग के मंडलीय अधिकारी ने कहा कि बड़े प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी भी ज्यादा होती है. पहले ही सभी संस्थानों को ‘First In First Out’ (FIFO) नियम का सख्ती से पालन करने और एक्सपायर्ड स्टॉक को अलग रखने की चेतावनी दी गई थी. अब यहां इसमें लापरवाही पकड़े जाने के बाद प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया है. निकट भविष्य में सुधार नजर नहीं आने पर लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है.
