लखनऊ से कौशांबी के लिए उड़ान भर रहे थे DCM केशव मौर्या, तभी हेलीकॉप्टर में भर गया धुआं; इमरजेंसी लैंडिंग
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के हेलीकॉप्टर में लखनऊ से कौशांबी जाते समय तकनीकी खराबी आ गई. उड़ान भरते ही हेलीकॉप्टर में धुआं भरने और डिस्प्ले जाने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करानी पड़ी. डिप्टी सीएम, उनके पीए और सुरक्षाकर्मी सभी सुरक्षित हैं.
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के हेलीकॉप्टर में आई खराबी की वजह से इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है. उन्होंने गृह जनपद कौशांबी जाने के लिए ला मार्टस मैदान लखनऊ से उड़ान भरी थी. अचानक आई खराबी की वजह से हेलीकॉप्टर में धुआं भर गया. ऐसे हालात में लखनऊ एयरपोर्ट पर ही उनके हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है.
सुरक्षित लैंडिंग के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या अब सड़क मार्ग से कौशांबी जाने की तैयारी कर रहे हैं. वहीं एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खामी की जांच कराई जा रही है. बताया जा रहा है कि केशव प्रसाद मौर्या के हेलीकॉप्टर में सवार होने के बाद जैसे ही हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, हेलीकॉप्टर का डिस्प्ले चला गया. इसके बाद केबिन में धुंआ भरने लगा. हालात को देखते हुए हेलीकॉप्टर के पायलट ने ट्रैफिक कंट्रोल में संपर्क किया और फिर लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.
पीए और सुरक्षाकर्मियों के साथ थे डिप्टी सीएम
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर में केशव मौर्या के साथ उनके पीए विवेक और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे. इमरजेंसी लैंडिंग के बाद ये सभी सुरक्षित बाहर आ गए हैं. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक फिलहाल बहुत बड़ा हादसा टल गया है. लेकिन यह तकनीकी दिक्कत क्यों आई या उड़ान भरने से पहले हेलीकॉप्टर की जांच हुई थी या नहीं, इन सब विषयों पर जांच शुरू हो गई है.
