चाचा के दोस्त ने 7 साल की मासूम को भी नहीं छोड़ा, घर के अंदर घुसकर की हैवानियत
मुरादाबाद में एक 7 साल की मासूम से हैवानियत और रेप का मामला सामने आया है. आरोपी नाबालिग के चाचा का दोस्त था. उसका बच्ची के घर अक्सर आना जाना था. इस बीच उसने बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया.
मुरादाबाद जनपद में रिश्तों को कलंकित करने और इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक सात साल की मासूम बच्ची को रिश्ते में चाचा लगने वाले शख्स ने ही अपनी हवस का शिकार बना लिया. घटना के वक्त बच्ची घर में बिल्कुल अकेली थी. बच्ची द्वारा चीख-पुकार मचाने के बाद जब आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी घर से भागता हुआ नजर आया.
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
बेटी के साथ इस दुष्कर्म की जानकारी होने के बाद बदहवास मां ने तुरंत कटघर पुलिस चौकी पहुंची. उसने आरोपी के खिलाफ नामजद लिखित तहरीर दी थी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन तत्परता दिखाई और पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू करते हुए आरोपी को दबोच लिया.
बच्ची के चाचा का दोस्त है आरोपी
पीड़िता की मां के की तहरीर के मुताबिक मुरादाबाद के गाड़ीखाना का रहने वाला आरोपी देवांग शर्मा उसके देवर का करीबी दोस्त है. इसके चलते उसका घर में अक्सर आना-जाना था,. सोमवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे, जब महिला किसी काम से बाहर गई थी और उसकी सात वर्षीय बेटी घर में अकेली थी, तभी आरोपी दुर्भावना से घर के भीतर दाखिल हुआ. उसने मासूम की बेबसी का फायदा उठाकर उसके साथ अश्लील कृत्य और दुष्कर्म किया.
घटना के बाद घर से भागते हुए नजर आया था आरोपी
मासूम बच्ची के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर जब आस-पास के लोग इकट्ठा होने लगे थे, तो आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी देवांग शर्मा के खिलाफ तत्काल प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक 01 जून को उनके पास 7 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया था. इस मामले में आरोपी के खिलाफ पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने एक्शन लेते हुए आरोपी देवांग शर्मा पुत्र पवन शर्मा, को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आगे की आवश्यक वैधानिक और विधिक कार्रवाई की जा रही है.
