जब मीटर ही गड़बड़ तो… 15 दिन बाद फिर गरमाया ऑफिस में मुर्गा बनाने का मामला? अखिलेश ने किया ट्वीट

मुरादाबाद बिजली दफ्तर में मीटर रीडर को 'मुर्गा' बनाने का पुराना मामला अखिलेश यादव के ट्वीट से फिर गरमा गया है. आरोप है कि रीडर ने उपभोक्ता के ₹25,000 हड़प लिए थे, जिसके बाद उसे सार्वजनिक रूप से दंडित किया गया. अखिलेश ने मीटर की गड़बड़ी पर सवाल उठाते हुए व्यवस्था पर निशाना साधा है, जिससे यह मुद्दा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.

अखिलेश यादव के ट्वीट से बवाल

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के बिजली ऑफिस में मीटर रीडर को मुर्गा बनाकर दंडित करने का मामला एक बार फिर गरमा गया है. इस बार यह मामला पूर्व सीएम और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद सुर्खियों में है. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है कि जब मीटर ही गड़बड़ है तो रीडर से क्या अपेक्षा की जा सकती है. उनके इस ट्वीट के बाद राजनीतिक गलियारे में इस मुद्दे की खूब चर्चा होने लगी है.

मामला मुरादाबाद के मुंडापांडे थाना क्षेत्र में दलपतपुर बिजली घर का है. बीते 3 मई को इस बिजली घर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में मीटर रीडर को विभागीय अधिकारी मुर्गा बनाकर दंडित कर रहे थे. मीटर रीडर पर उपभोक्ता के 25 हजार रुपये हड़पने का आरोप है. आरोप है की मीटर रीडर ने बकाया बिल जमा कराने के नाम पर रुपये तो ले लिए, लेकिन यह पूरा पैसा खुद डकरा गया था.

ऐसे हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक संविदा पर तैनात मीटर रीडर रानू कुमार ने एक उपभोक्ता को बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने की धमकी दी थी. फिर बकाए के रूप से उपभोक्ता से 25 हजार रुपये वसूल कर फर्जी रसीद थमा दी थी. कुछ दिन बाद अभियान के तहत बिजली निगम ने जब उपभोक्ता को दोबारा बकाए का नोटिस थमाया तो हंगामा मच गया. बड़ी संख्या में लोग बिजली ऑफिस पहुंच गए और बवाल काटने लगे. लोगों को शांत करने के लिए एसडीओ ने ऑफिस कैंपस में ही मीटर रीडर को पकड़कर मुर्गा बनवा दिया था.

वायरल हुआ था वीडियो

एसडीओ ने मीटर रीडर को करीब आधे घंटे तक मुर्गा बनाए रखा. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया और देखते ही देखते सोशल मीडिया में यह वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. इसी वायरल वीडियो को अब सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने पोस्ट करते हुए सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने लिखा है कि जब बिजली का मीटर ही गड़बड़ है तो फिर मीटर रीडर से क्या अपेक्षा की जाए. मामला तूल पकड़ते देख चीफ इंजीनियर अशोक कुमार चौरसिया ने मामले में एसडीओ की भूमिका की जांच के आदेश दिए हैं.

Follow Us