सुबह चाय न बनाने पर पति ने फोन तोड़ दिया… आहत होकर पत्नी बालकनी से कूदी; हालत नाजुक

मुरादाबाद में चाय बनाने के मामूली विवाद पर एक पति ने अपनी पत्नी का फोन तोड़ दिया. इससे आहत होकर पत्नी ने छत से कूदकर जान देने की कोशिश की. महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. पुलिस प्रशासन इस मामले को लेकर मुस्तैद है और कई एंगल से जांच करने में जुटी है.

चाय के झगड़े पर पत्नी का आत्मघाती कदम

मुरादाबाद के कटघर कोतवाली थाना इलाके एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने घरेलू कलह और आपसी कहासुनी से तंग आकर जान देने की कोशिश की. इस आत्मघाती कदम के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, उसकी हालत नाजुब बनी हुई है. पुलिस प्रशासन भी इस मामले को लेकर मुस्तैद है.

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की पहचान पूजा के रूप में हुई है, जिसकी शादी कृपाल नामक युवक से हुई थी. पीड़िता की ननद ने बताया कि सुबह घर में चाय बनाने को लेकर पति-पत्नी में मामूली बहस शुरू हुई थी. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पति ने पत्नी का मोबाइल फोन तोड़ दिया. इसी से आहत होकर महिला ने घर की बालकनी से छलांग दी.

पति के फोन तोड़ने पर उठाया ये कदम?

पीड़िता की ननद बीना के मुताबिक, यह पूरी घटना सुबह लगभग 7:30 से 8:00 बजे के बीच की है. घर में चाय बनाने की बात को लेकर बहस शुरू हुई थी. गुस्से में आकर पति कृपाल ने पूजा का मोबाइल फोन तोड़ दिया. अपने स्मार्टफोन के टूटने और पति के इस आक्रामक व्यवहार से आहत होकर पूजा ने गुस्से और तनाव में आकर सीधे पहली मंजिल से कूद गई.

बताया जा महिला के छत से गिरने की तेज आवाज सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो पूजा खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी तड़प रही थी. यह घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में घायल महिला को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है.

कोई प्रताड़ना या अन्य पहलू तो नहीं- जांच शुरू

ऊंचाई से कंक्रीट के फर्श पर गिरने की वजह से महिला की टांगों की हड्डियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं और उसे गंभीर चोटें आई हैं. इलाज से स्थिति में मामूली सुधार देखा गया है, लेकिन अभी भी खतरे से बाहर नहीं माना जा रहा है. पुलिस भी नजर रख रही है. साथ ही पता लगा रही है कि इस आत्मघाती कदम के पीछे कोई प्रताड़ना या अन्य पहलू तो नहीं था.

Follow Us