‘मेरी लाइफ का यह आखिरी वीडियो है…’, नोएडा में छात्र की आत्महत्या धमकी से मचा हड़कंप, रात 2 बजे पुलिस ने ऐसे बचाई जान
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के एक छात्र का आत्महत्या की धमकी वाला वीडियो वायरल से हड़कंप मच गया था. हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर छात्र को सुरक्षित ढूंढ निकाला और उसकी जान बचा ली. छात्र ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर मानसिक उत्पीड़न और हॉस्टल में खराब सुविधाओं का आरोप लगाया था.
ग्रेटर नोएडा में स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के एक छात्रा का भावुक वीडियो शोसल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया. वीडियो में छात्र ने कहा मेरी लाइफ का यह आखिरी वीडियो है मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं… वीडियो सामने आते ही पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आ गया. पुलिस ने देर रात छात्र की तलाश शुरू कर दी.
जानकारी के मुताबिक, छात्रा की पहचान अक्षत त्रिपाठी के रूप में हुई है. जो की मूल रूप से प्रयागराज का रहने वाला है और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में बीए एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र है. करीब 2 मिनट 53 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इसके बाद पुलिस ने रात 2 बजे तलाशी शुरू की और छात्र को सही सलामत ढूंढ निकाला.
लोकेशन ट्रैक कर पुलिस ने छात्र को ढूंढ निकाला
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 2 बजे वीडियो की सूचना मिलने के बाद छात्र की तलाश शुरू की गई. पुलिस टीमों ने लोकेशन ट्रैक की और जांच में पता चला कि छात्र अपने भाई से संपर्क कर ऑनलाइन टैक्सी के जरिए दिल्ली स्थित घर पहुंच गया था. ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया की छात्र को ढूंढ लिया गया और वह सुरक्षित है.
फिलहाल, इस मामले को लेकर ईकोटेक 1 कोतवाली में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है. वहीं, वायरल वीडियो में छात्र ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. छात्र अपने वीडियो में कह रहा है कि हॉस्टल में पर्याप्त सुविधाएं नहीं दी जा रही है, जबकि छात्रों से भारी फीस वसूली जा रही है.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपों को बताया निराधार
छात्र ने विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर हॉस्टल वार्डन और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों को निराधार बताया. जारी बयान में कहा गया है की वीडियो आने के बाद तुरंत छात्र के परिजनों से संपर्क किया गया था और उसकी मां ने सुरक्षित घर पहुंचने की पुष्टि की थी.
