‘चार-चार हिंदू भाई-बहनों को दोस्त बनाएं मुसलमान, तभी होगा BJP का अंत…’, सपा सांसद जावेद अली खान
मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के सांसद जावेद अली खान ने कहा कि बीजेपी ने बहुसंख्यक समाज में जहर घोल दिया है. 4 दोस्त मुसलमान बनाकर, निहत्थे होकर बीजेपी से नहीं बच सकते हों. उन्होंने कहा कि मुसलमानों को चार-चार हिंदू भाई-बहनों को अपना दोस्त बनाना पड़ेगा.
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान ने सोमवार को मुरादाबाद में PDA की जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान वह अपने बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं. जावेद अली खान ने खुले मंच से कहा कि केवल मुस्लिम समाज के एकजुट होने से बीजेपी को हराना मुमकिन नहीं है. मुसलमानों को 4-4 हिंदू भाई-बहनों को दोस्त बनाना पड़ेगा.
जावेद अली खान ने पार्टी से जुड़े मुस्लिम साथियों को नसीहत देते हुए कहा कि अगर वे दल में सक्रिय हैं, तो उन्हें कम से कम चार हिंदू भाई-बहनों को अपना दोस्त भी बनाने चाहिए है. 4 दोस्त मुसलमान बनाकर, निहत्थे होकर बीजेपी जैसी बड़ी राजनीतिक शक्ति से नहीं बच सकते हों. उन्होंने दावा किया कि यह रणनीति यूपी में बीजेपी का अंत कर सकती है.
‘ऐसे हिंदू मित्र हो, जिन्हें उन पर पूरा भरोसा हो’
सपा सांसद जावेद अली खान ने कहा कि बीजेपी द्वारा फैलाए गए जहर का असर देश के बहुसंख्यक समाज पर पड़ा है. मुस्लिम कार्यकर्ताओं के ऐसे हिंदू मित्र होने चाहिए, जिन्हें उन पर पूरा भरोसा हो. जब खान साहब, अंसारी साहब या हुसैन साहब कोई बात कहें, तो उनके हिंदू दोस्तों को यह यकीन हो कि कही गई बात सही और सबके भले के लिए है.
जावेद अली खान ने दावा किया कि जिस दिन हर मुस्लिम कार्यकर्ता अपने चार-चार गैर-मुस्लिम या हिंदू भाई-बहनों को अपना सच्चा मित्र बना लेगा और उनके बीच अटूट भरोसा कायम हो जाएगा, उसी दिन उत्तर प्रदेश से बीजेपी के राजनीतिक वर्चस्व का अंत निश्चित हो जाएगा. सिर्फ आपस में मुसलमान दोस्त बनाकर केवल एक समुदाय के बूते पर हरा नहीं सकते.
हिंदू बहुल इलाकों में अधिक मेहनत करनी होगी
सपा सांसद ने कहा कि संभल जैसे इलाकों में उनकी पार्टी और संगठन मजबूत है. जहां अल्पसंख्यक आबादी कम और हिंदू आबादी अधिक है, वहां लोगों तक अपनी बात पहुंचानी होगी. उन्होंने कहा कि ऐसे इलाकों में कार्यकर्ताओं को हिंदू समाज के लोगों को समझाने के लिए अधिक मेहनत करनी होगी. सांसद के इस बयान पर यूपी में राजनीति गरमा सकती है.
