मुजफ्फरनगर: हिंदू बस्ती में मुसलमानों के घर खरीदने पर बवाल, प्रशासन ने दो मकान किए सील

मुजफ्फरनगर के जनकपुरी में हिंदू-मुस्लिम परिवारों के बीच मकान खरीदने को लेकर विवाद गहरा गया. मुस्लिम परिवारों द्वारा खरीदे गए मकानों के विरोध में हिंदू संगठनों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया. जांच में कुछ मकान PM आवास योजना के तहत पाए गए, जिन्हें प्रशासन ने सील कर दिया.

हिंदू-मुस्लिम परिवारों के बीच मकान खरीदने को लेकर विवाद Image Credit:

मुजफ्फरनगर की जनकपुरी कॉलोनी में बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कुछ मकानों के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया. उनका आरोप था कि कॉलोनी में कुछ मुस्लिम परिवारों ने मकान खरीदे हैं, जिससे इलाके का सामाजिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन भी पहुंची.

जांच में पता चला कि मुस्लिम परिवार ने कॉलोनी में 6 मकान खरीदे थे, जिसमें कुछ मकान पीएम आवास योजना के तहत बनाए गए थे. ऐसे दो मकान मिले, जिन्हें योजना के नियमों के विपरीत खरीदने-बेचने की आशंका है. दोनों को खाली कराकर उन पर सरकारी ताला लगा दिया गया. अन्य मकानों के दस्तावेजों और खरीद-फरोख्त की भी जांच की जा रही है.

‘अब हम पलायन नहीं, बल्कि संघर्ष करेंगे’

प्रदर्शन कर रहे हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पवार का कहना है कि कॉलोनी में सुनियोजित तरीके से मकान खरीदे जा रहे हैं, जहां से बड़े स्तर पर हिंदू पलायन कर रहे हैं. उनका साफ तौर पर कहना है कि अब हम पलायन नहीं करेंगे बल्कि हम संघर्ष करेंगे और ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाए जो शहर का माहौल खराब करने का काम करना चाहते हैं.

संगठन ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और ऐसे लोगों पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की. साथ ही हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पवार ने यह भी घोषणा की कि कॉलोनी में अब प्रत्येक मंगलवार को शाम 7:00 बजे हिंदू समाज के लोगों द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा. जब तक ये विधर्मी यहां से निकल नहीं जाते हैं.

मकान खरीदने वाले मुस्लिम परिवार क्या बोले?

दूसरी ओर, इस कॉलोनी में मकान खरीदने वाले मुस्लिम परिवारों का कहना है कि उन्हें पहले ये यह जानकारी नहीं थी कि जिन मकानों को उन्होंने खरीदा है, वे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए हैं. उनका आरोप है कि बिना पूर्व सूचना या नोटिस के मकान खाली कराए गए, जिससे उनके परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

ASP सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. स्थिति को शांत कराया और प्रशासनिक अधिकारियों को भी बुलाया गया. तहसीलदार मौके पर मौजूद हैं और सभी पक्षों की शिकायतें सुनकर जांच की जा रही है. फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

Follow Us