कांवड़ लेकर जा रही थी शिवभक्त, रास्ते में बनी जुड़वा बेटों की मां; SSP ने रखा गणेश-कार्तिकेय नाम
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक शिवभक्त नेहा भोली ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है. नीलकंठ से गंगाजल लेकर आ रहीं नेहा को प्रसव पीड़ा हुई और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूचना पर पहुंचे एसएसपी संजय वर्मा ने जच्चा-बच्चा का हाल जाना और बच्चों का नाम गणेश-कार्तिकेय रखा. मां और जुड़वा बच्चे स्वस्थ हैं.
उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान मानवता और खुशियों से जुड़ी एक भावुक तस्वीर सामने आई है. यहां नीलकंठ से कांवड़ लेकर चली दिल्ली की शिवभक्त नेहा भोली ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया. आनन फानन में दोनों को मुज़फ्फरनगर के महिला जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जच्चा बच्चा दोनों को स्वस्थ बताया है. फिलहाल इन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.
जानकारी के मुताबिक नेहा भोली नीलकंठ से गंगाजल लेकर अपने साथियों के साथ दिल्ली की ओर कांवड़ यात्रा कर रही थीं. इसी दौरान रास्ते में उनके साथियों से उनका संपर्क टूट गया और वह अकेले ही अपने गंतव्य की ओर बढ़ चली. यात्रा के दौरान अचानक उन्हें प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) हुआ. इसके बाद मुज़फ्फरनगर के महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया. जहां उन्होंने जुड़वा पुत्रों को जन्म दिया.
एसएसपी ने किया नामकरण
जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन महिला चिकित्सालय पहुंचे. वहां नेहा और उनके नवजात बच्चों का हालचाल जाना और महिला की अनुमति से उसके दोनों बच्चों का नाम”गणेश और कार्तिकेय” रखा. इस अवसर पर एसएसपी ने नेहा को फ्रूट बास्केट भेंट की और दोनों नवजात बच्चों के लिए भी उपहार दिए. डॉक्टरों के मुताबिक मां और दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं.
सीएमएस ने स्वास्थ्य की जानकारी
महिला अस्पताल की सीएमएस मुरली भास्कर के मुताबिक महिला कांवड़िया सात महीने की गर्भवती थी. लेबर पेन होने पर उसे अस्पताल लाया गया था. यहां उसने दो जुड़वा लड़कों को जन्म दिया है. इनमें एक बच्चे का वजन 1 किलो 200 ग्राम तो दूसरे का 1 किलो 900 ग्राम है. फिलहाल दोनों बच्चों को SNCU में भर्ती कर दिया गया है. बच्चों को थोड़ा सांस लेने में परेशानी थी, लेकिन फिलहाल स्टेबल है.
