अवैध संबंधों में बाधा बन रहा था पति, पत्नी के आशिक ने गंडासे से काटकर ले ली जान

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में अवैध संबंधों के चलते एक युवक की गंडासे से काटकर हत्या कर दी गई. मृतक तालिब की पत्नी और आरोपी हासिम के बीच अवैध संबंध थे, जो इस वारदात की वजह बने. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आरोपी हासिम की तलाश में दो टीमें गठित की हैं.

मौके पर पहुंची पुलिस

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक युवक की गंडासे से काटकर हत्या का मामला सामने आया है. इस वारदात के पीछे अवैध संबंधों की कहानी निकलकर आई है. वारदात मुजफ्फरनगर बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं मृतक की पहचान मेरठ निवासी तालिब के रूप में हुई है. वहीं आरोपी नई बस्ती का ही रहने वाला हासिम है. पुलिस ने उसकी धरपकड़ के लिए दबिश तेज कर दी है.

पुलिस के मुताबिक मृतक तालिब की पत्नी के मेरठ निवासी आरोपी हासिम के साथ अवैध संबंध थे. वह बुढ़ाना की नई बस्ती में अपने परिवार के साथ किराए पर रह रहा था. इन दोनों के मिलन में तालिब बाधा बन रहा था. ऐसे में आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने के लिए गंडासे से जानलेवा हमला किया था. उसे घायलावस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

गिरफ्तारी के लिए बनी दो टीमें

पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद से ही आरोपी हाशिम फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है. फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है. पुलिस के मुताबिक तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश कराई जा रही है.

जांच में जुटी पुलिस

सीओ बुढ़ाना के मुताबिक तालिब को तत्काल सीएचसी बुढ़ाना में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज मेरठ के लिए रेफर कर दिया. जहां उसकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि वारदात की जानकारी तालिब के परिजनों को दे दी गई है. उन्होंने बताया कि आरोपी के संबंध पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं. पुलिस उसकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी और मामले की जांच में जुटी है.

Follow Us