बुजुर्ग की दाढी खींचकर किया था अपमान, बेटों ने चाकू गोदकर ले ली जान; बदले की खौफनाक कहानी
मुजफ्फरनगर में पिता की दाढ़ी खींचकर अपमानित करने का बदला लेने के लिए बेटों ने एक व्यक्ति की चाकू गोदकर हत्या कर दी. यह खौफनाक वारदात सरताज उर्फ कल्लू के बेटों ने सरदार आलम को मौत के घाट उतारकर अंजाम दी. पुलिस ने दो आरोपियों शाहजेब और सालिब को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दो बेटों ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर पिता की बेइज्जती का खौफनाक बदला लिया है. इन्होंने सरेराह एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में वारदात के पीछे बदले की कहानी सामने आई है. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले हत्यारोपी भाइयों के पिता सरेराह दाढ़ी खींचकर बेइज्जती की गई थी. इसके बदले में आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है.
पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त की शाम घर से बुलाकर एक व्यक्ति सरदार आलम की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी. उस समय पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जहां पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. वहीं इस मामले में मृतक सरदार आलम के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी. इसी क्रम में पुलिस ने दो सगे भाई शाहजेब और सालिब को अरेस्ट किया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल किया है.
पूछताछ में बताई ये वजह
आरोपियों ने बताया कि मृतक सरदार आलम ने सरेराह एक चाय की दुकान पर उनके पिता सरताज उर्फ कल्लू के साथ गाली गलौज करते हुए उसकी दाढ़ी को खींचकर बेइज्जती की थी. इसका बदला लेने के लिए वह मौके की तलाश में थे. 26 तारीख को उन्हें मौका मिल गया और दोनों भाइयों शाहजेब और सालिब ने अपने एक दोस्त संदीप जाट के साथ मिलकर सरदार आलम को घर से बुलाया और चाकू घोंपकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक अब आरोपियों के पिता और साथी की तलाश में दबिश तेज कर दी गई है.
क्या बोली पुलिस?
सीओ खतौली रूपाली राव के मुताबिक वारदात के खुलासे और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पांच टीमें बनाई गई थीं. इन टीमों ने महज दो दिन में सभी आरोपियों को ट्रैस करते हुए वारदात का खुलासा कर दिया है. इनमें से दो मुख्य आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है. बाकी दो की तलाश जारी है. सीओ खतौली के मुताबिक इस वारदात के पीछे बदले की कहानी सामने आई है. जल्द ही बाकी आरोपियों को भी अरेस्ट कर लिया जाएगा.
