क्या अयोध्या-क्या काशी… आसमान से बरसी आग, 40 जिलों में हीटवेव; UP में कब मिलेगी गर्मी से राहत?
अप्रैल में ही उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. 40 से अधिक जिलों में तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है, जिससे लोगों का हाल बेहाल है. मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में हीटवेव और लू का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी हवाएं गर्मी बढ़ा रही हैं. हालांकि, 27 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
अभी अप्रैल का महीना है, गर्मी अभी शुरू ही हुई और अभी से कहर भी बरपाने लगी है. शनिवार को पूरे प्रदेश में खूब गर्मी पड़ी. बलिया-बनारस से लेकर अयोध्या काशी तक और नोएडा-गाजियाबाद से लेकर लखनऊ-गोरखपुर तक तापमान चढ़कर 44 डिग्री सेलसियस को पार कर गया. प्रयागराज-कानपुर से लेकर झांसी-चित्रकूट में तो पारा 46 डिग्री के भी पार चला गया. हालात को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश भर में भीषण गर्मी और 40 से अधिक जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक कल रविवार को तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रविवार को मौसम शुष्क रहेगा. सूर्य की किरणें धरती पर सीधी पड़ेंगी. रही सही कसर पश्चिम दिशा से चलने वाली गर्म हवाएं पूरी कर देंगी. इसकी वजह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू की स्थिति बन सकती है. यही स्थिति सोमवार को भी रहेगी. हालांकि सोमवार के बाद थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
27 को बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को ही एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की संभावना है. इसकी वजह से मंगवार को राजधानी लखनऊ, कानपुर नगर, प्रयागराज समेत कई जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है. इससे सर्वाधिक तप रहे उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड समेत प्रदेश के बाकी हिस्सों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. इस बीच प्रदेश में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं.
झुलसा रही हैं गर्म हवाएं
पश्चिम दिशा से चलने वाली गर्म हवाएं पूरे प्रदेश में कहर बरपा रही हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ और गौतमबुद्ध नगर आदि जिलों में सुबह 10 बजे के बाद ही घर से निकलना मुश्किल हो जा रहा है. इसी प्रकार पूर्वी उत्तर प्रदेश में बलिया से लेकर बनारस तक और आजमगढ़ से लेकर जौनपुर तक पूरे दिन बवंडर चल रहा है. ऐसे हालात में लोग बड़ी तेजी से गर्मी के शिकार हो जा रहे हैं.
